पुंछ की घटना के बाद रक्षा मंत्री जेटली ने कहा पाक सेना के बिना यह संभव ही नहीं
रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने पुंछ की घटना के बाद देशवासियों से कहा अपनी सेना पर रखें भरोसा। रक्षा मंत्री का कहना पाकिस्तान सेना की मिलीभगत से ही पुंछ में जवानों के सिर कलम किए गए हैं।
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने पाकिस्तान को उस बयान के लिए फटकार लगाई है जिसमें उसकी ओर से कहा गया था कि एक प्रोफेशनल आर्मी होने के तौर पर पाकिस्तान की सेना कभी शहीदों का अपमान करने में यकीन नहीं रखती है। साथ ही रक्षा मंत्री जेटली ने साथ ही देशवासियों से अपील भी की कि वह अपने देश की सेना पर भरोसा रखें।

पाक सेना ने दिया कवर फायर
बुधवार को कैबिनेट की सुरक्षा समिति की मीटिंग के बाद रक्षा मंत्री जेटली मीडिया से मुखातिब थे और उसी समय उन्होंने यह बात कही। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए जेटली ने कहा, 'आप अपनी फौज पर पूरा भरोसा रखिए।' जेटली ने यह जवाब उस समय दिया जब उनसे पूछा गया था कि क्या भारत पुंछ की घटना के बाद पाकिस्तान की सेना से निबटने के किन संभावित विकल्पों पर विचार कर रही है। जेटली ने इसके साथ ही पाकिस्तान के उस दावे को भी सिरे से नकार दिया जिसमें जवानों के सिर कलम करने में सेना की भूमिका न होने की बात कह गई थी। जेटली की मानें तो जवानों के शवों के साथ बर्बरता पाकिस्तान की सेना की मदद के बिना संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के इंकार की कोई विश्वसनीयता ही नहीं है। बॉर्डर के पास जवानों की हत्या और उनके शवों के साथ बर्बरता के दौरान जो स्थितियां थीं उससे साफ है कि सेना इसमें बराबर शामिल थी। पाक सेना की ओर से घटना वाली जगह पर मौजूद पोस्ट्स पर फायरिंग के जरिए आतंकियों को कवर फायर दिया गया था। ऐसे में सेना के शामिल हुए बिना इस तरह का काम संभव ही नहीं है।
पाक उच्चायुक्त को भेजा गया समन
जेटली के बयान से पहले बुधवार को विदेश मंत्रालय की ओर से पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित को समन भेजा गया था। बासित के सामने विदेश मंत्रालय ने दो जवानों के शवों के साथ बर्बरता करने के मुद्दे पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। साथ ही भारत ने मांग की है पाकिस्तान इस पूरे मुद्दे पर कड़ा एक्शन ले। मंगलवार को भी उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल शरतचंद ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैं अभी यह नहीं बताना चाहता हूं कि हम क्या करेंगे। बोलने के बजाय हम अपने एक्शन पर ध्यान लगाएंगे और हमारी चुनी हुई जगह पर पाकिस्तान को करारा जवाब देंगे।' उन्होंने अपने इस बयान से साफ कर दिया है कि पाकिस्तान को उसकी हरकत का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। लेफ्टिनेंट जनरल शरत चंद ने कहा कि पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने भारतीय जवानों के शवों के साथ बर्बरता नहीं की है। अगर उन्होंने नहीं किया तो फिर यह काम किसने किया होगा? उनके लोग सीमा पार करके दाखिल होते हैं और उन्हें इस काम की जिम्मेदारी लेनी होगी।
{promotion-urls}












Click it and Unblock the Notifications