Deepika at JNU: भड़के BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- दीपिका, देश जलाने वालों के साथ खड़ीं इसलिए...
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और उनकी आने वाली फिल्म 'छपाक' को लेकर इस वक्त सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है, कुछ लोगों को उनका कल जेएनयू जाना अच्छा नहीं लगा, जहां उनके सामने, प्रदर्शनकारियों ने भारत की आजादी को लेकर नारे लगाए थे, दीपिका के JNU जाने से कुछ लोग नाराज हैं तो कुछ लोग दीपिका को निडर बताकर उनका समर्थन भी कर रहे हैं और इसी वजह से सोशल मीडिया पर आज #boycottchhapaak और #supporttodeepika दोनों ही ट्रेंड कर रहे हैं।
दीपिका पर भड़के BJP विधायक रामेश्वर शर्मा
जहां आम से लेकर खास लोग दीपिका को लेकर सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर से कई नेताओं ने भी दीपिका के जेएनयू जाने पर सवाल उठाए हैं, मध्य प्रदेश बीजेपी के विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने तो यहां तक कह दिया कि दीपिका को 'छपास' रोग हुआ है और इसी वजह से वो देश जलाने वालों के साथ खड़ी हैं, एक न्यूज चैनल से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि देशद्रोहियों के साथ मिलकर एक्टिंग करती हैं।

मशहूर शायर जावेद अख्तर पर बीजेपी विधायक ने साधा निशाना
बीजेपी एमएलए ने दीपिका के अलावा मशहूर शायर जावेद अख्तर पर भी हमला बोला, उन्होंने कहा कि जावेद-दीपिका को समझ लेना चाहिए, लोग इनकी एक्टिंग को पसंद करते हैं, जब यह सभी देशद्रोहियों के साथ खड़े होंगे तो देश इनकी एक्टिंग पर ताली नहीं बजाएगा,बल्कि नापसंद करेगा,हिंदुस्तान देशभक्तों को पसंद करता है लेकिन देश के गद्दारों को पसंद नहीं करता है।
बहुत सारे लोगों ने अलापा था पाक राग
विधायक ने कहा कि ऐसे बहुत सारे कलाकार थे, जो कि पाकिस्तान की तारीफ करते थे, लेकिन जब उनकी फिल्में फ्लाप होने लगी तो उनका दिमाग सही हो गया।

अमिताभ बच्चन से सीखें दीपिका पादुकोण
रामेश्वर शर्मा ने दीपिका को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से सीखने की नसीहत भी दे डाली, बीजेपी नेता ने कहा कि अगर इस देश में एक्टर बनना है तो अमिताभ बच्चन से सीखना चाहिए, वो कभी भी मातृभूमि के खिलाफ नहीं बोलते हैं ना ही कोई टिप्पणी करते हैं।
10 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म 'छपाक'
गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म 'छपाक' 10 जनवरी को रिलीज होने जा रही है, दीपिका पादुकोण इस फिल्म की प्रोड्यूसर भी हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है।












Click it and Unblock the Notifications