Jamia Protest: जावेद अख्तर के एक ट्वीट पर IPS ऑफिसर ने कसा तंज, बोले-प्लीज हमें भी एक्ट के बारे में बताएं
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हुए विरोध प्रदर्शन पर अब हर तरफ से आवाज उठने लगी हैं। बॉलीवुड के गीतकार जावेद अख्तर की तरफ से इस विरोध प्रदर्शन को लेकर ट्वीट किया गया था। अख्तर ने अपनी इस ट्वीट में दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए थे। अब अख्तर के इस सवालिया ट्वीट पर एक आईपीएस ऑफिसर ने तंज कसा है। आपको बता दें कि शनिवार और रविवार को जामिया में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर का माहौल गर्मा गया है। देश के हर हिस्से में छात्र जामिया के छात्रों के समर्थन में आ रहे हैं।

क्या लिखा था जावेद ने
जामिया में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक ट्विटर यूजर ने जावेद अख्तर को टैग करते हुए ट्वीट किया। इस ट्वीट में लिखा था, 'जामिया स्टूडेंट्स मीडिया पर हमला कर रहे हैं जो उन्हें शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आईना दिखाने की कोशिश कर रहा है।' इस ट्वीट में यूजर ने अख्तर समेत राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कुछ जर्नलिस्ट्स को भी टैग किया था। अख्तर ने इस पर जवाब दिया और लिखा, 'कानून के मुताबिक किसी भी परिस्थिति में पुलिय किसी यूनिवर्सिटी कैंपस में बिना मंजूरी के दाखिल नहीं हो सकती है।' उन्होंने यह भी लिखा कि बिना मंजूरी के यूनिवर्सिटी कैंपस में दाखिल होकर पुलिस ने बाकी यूनिवर्सिटीज के लिए भी एक उदाहरण पेश कर दिया है।
'डियर लीगल एक्सपर्ट'
अख्तर के इस ट्वीट का आईपीएस संदीप मित्तल ने जवाब दिया। उन्होंने अख्तर पर कटाक्ष करते हुए उनसे सवाल किया। आईपीएस ऑफिसर मित्तल ने लिखा, 'डियर, लीगल एक्सपर्ट, कृप्या उस कानून, उस सेक्शन नंबर और उस एक्ट का नाम बताए ताकि हमें भी थोड़ा ज्ञान मिल सके।' एक और पुलिस ऑफिसर ने अख्तर को उनकी ट्वीट के लिए फटकार लगाई। उन्होंने लिखा कि अख्तर की ट्वीट कानूनी तौर पर गलत है और इस ट्वीट से उनके पक्षपाती रवैये की झलक भी मिलती है।
लगातार जारी है विरोध प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन बिल पिछले हफ्ते लोकसभा और राज्यसभा में पास हुआ और फिर राष्ट्रपति की तरफ से भी इसे मंजूरी दे दी गई। इस बिल के कानून बनते ही पूरे देश में बवाल मच गया है। जामिया के छात्रों की तरफ से इस कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी था। लेकिन प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया जब दिल्ली पुलिस यूनिवर्सिटी कैंपस में दाखिल हो गई।

अक्सर करते हैं सरकार की आलोचना
बॉलीवुड के गीतकार और कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड को हासिल कर चुके जावेद अख्तर, इंडस्ट्री के उन लोगों में से एक हैं जिन्हें मुखर अंदाज में अपनी बात किसी भी मुद्दे पर रखने के लिए जाना जाता है। वह अक्सर कई मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार और उसकी नीतियों की आलोचना करते आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications