सरकार ने मारा 'यू टर्न', अब कहा नहीं पता कहां है दाऊद इब्राहिम
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। मुंबई सीरियल ब्लास्ट का आरोपी और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को जल्द गिरफ्तार करने का दावा करने वाली सरकार ने अब कह दिया है कि उसके पास दाऊद की कोई जानकारी नहीं है। लोकसभा में नित्यानंद राय के प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री हरीभाई परथीभाई चौधरी ने कहा कि अभी तक उसका (दाऊद) पता नहीं लग सका है।

एक बार दाऊद इब्राहिम का पता लगने के बाद उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। आपको बताते चलें कि करीब पांच महीने पहले दाऊद इब्राहिम की गिरफ्तारी और कराची में ठिकाने के बाबत गृह मंत्री ने कहा था, 'प्रतीक्षा कीजिए'। आज अचानक से उसकी जानकारी ना होने की बात कहना काफी दुखद है।
नित्यानंद राय ने सरकार से पूछा था कि देश में अनेक आतंकी मामलों में वांछित दाऊद इब्राहिम और अन्य आतंकियों के प्रत्यर्पण की स्थिति क्या है। इस सवाल पर गृह राज्य मंत्री ने कहा कि दाऊद इब्राहिम 1993 के मुंबई श्रृंखलाबद्ध विस्फोट मामले में अभियुक्त है और उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस संख्या 0135 : 4..1993 जारी है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी उसके विरुद्ध विशेष नोटिस जारी किया है। अभी तक उसका पता नहीं लग सका है। उल्लेखनीय है कि दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने की ख़बरें आती रही हैं लेकिन पाकिस्तान इससे इंकार करता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications