Daily Political Update: 'छात्र शक्ति और युवा एकता की बड़ी जीत...', यूपी पुलिस भर्ती रद्द होने पर बोले राहुल
Daily Political Roundup: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है। शनिवार को आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीटों के बंटवारों को लेकर ऐलान किया गया।
वहीं, मुरादाबाद में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में प्रियंका गांधी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उधर, पेपर लीक के आरोपों के बाद यूपी सरकार ने यूपी पुलिस भर्ती 2023 को रद्द कर दिया।

कांग्रेस ने कहा कि यह न्याय यात्रा का असर है। तो वहीं, कांग्रेस और 'आप' की तरफ से सीट बंटवारे के बाद पार्टी में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
सीट शेयरिंग पर बनी बात
लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग पर बात तय हो गई है। दोनों पार्टियों की ओर से शनिवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई, जिसमें सीटों के बंटवारों को लेकर ऐलान किया गया। दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि, कांग्रेस तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके अलावा गुजरात में कांग्रेस 24 और AAP दो सीट पर लड़ेगी चुनाव। अन्य राज्यों में भी सीटों को लेकर ऐलान हुआ है।
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर बोला हमला
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मुरादाबाद पहुंची। जहां प्रियंका गांधी भी अपने भाई राहुल के साथ नजर आईं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने जमकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा, "बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। 2 साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है। जब-जब इनका बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?"
यूपी पुलिस भर्ती रद्द पर बोले राहुल
पेपर लीक के आरोपों के बाद यूपी सरकार ने यूपी पुलिस भर्ती 2023 को रद्द कर दिया। इस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान सामने आया है। राहुल गांधी ने कहा, "यह छात्र शक्ति और युवा एकता की बड़ी जीत है। इससे संदेश साफ है कि सरकार कितना भी सच को दबाने की कोशिश करे, एकजुट होकर लड़ने से ही अपना हक जीता जा सकता है। जो जुड़ेंगे वो जीतेंगे, जो बटेंगे वो कुचल दिए जाएंगे।"
सीट बंटवारे के बाद दिखी नाराजगी
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की तरफ से दिल्ली और अन्य राज्यों में सीट बंटवारे के बाद पार्टी में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कांग्रेस के खाते में भरूच सीट ना आने के बाद मुमताज पटेल ने ट्वीट कर नाराजगी जताई है। उन्होंने लिखा, गठबंधन में भरूच लोकसभा सीट सुरक्षित नहीं कर पाने के लिए मैं हमारे जिला कैडर से माफी मांगती हूं। मैं आपकी निराशा को समझ सकती हूं। हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए फिर से संगठित होंगे। हम अहमद पटेल की 45 साल की विरासत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे।












Click it and Unblock the Notifications