Jagannath Temple Puri: श्री जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में दरारें, ओडिशा सरकार ने एएसआई से मदद मांगी
Jagannath Temple Wall Cracks: ओडिशा के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में दरारें आ गई हैं, जिससे मंदिर की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं। 'मेघनाद पाचेरी' नामक विशाल दीवार में कई स्थानों पर दरारें देखी गई हैं, जिसके कारण ओडिशा सरकार ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से मदद की अपील की है।
इस 12वीं शताब्दी के ऐतिहासिक मंदिर की दीवारों में दरारों के अलावा सेवादारों ने यह भी दावा किया है कि आनंदबाजार से आने वाला गंदा पानी इन दरारों से रिसने लगा है। इसके साथ ही दीवार के कुछ हिस्सों पर काई भी जमने की सूचना मिल रही है।

पुजारी ने जताई चिंता
मंदिर के पुजारी, जगनदास महापात्र ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, "यह मंदिर भारत के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है। चारदीवारी में कुछ दरारें हैं। हमने एएसआई से इसे जल्द से जल्द बहाल करने का अनुरोध किया है।"
ओड़िशा सरकार के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन की प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए ओडिशा के मंत्री, पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया, "हमने मंदिर प्रशासन के साथ चर्चा की है। तुरंत, एएसआई को सूचित किया गया और बाद में मंदिर प्रशासन ने एक पत्र लिखकर मरम्मत कार्य के लिए एएसआई से अनुरोध किया है। यह कार्य पहले से ही प्रक्रिया में है।"
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने भी एएसआई से दीवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक संरक्षण कार्य करने की अपील की है। एसजेटीए के मुख्य प्रशासक, अरबिंद पाढी ने कहा, "हम मेघनाद पचेरी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। एएसआई के अधिकारी और हमारी तकनीकी टीम ने पहले ही चारदीवारी का निरीक्षण कर लिया है, और हमें उम्मीद है कि एएसआई जल्द ही आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर लेगा।"












Click it and Unblock the Notifications