कोरोना के मामलों में लगातार तीसरे दिन गिरावट, 24 घंटों में 357229 नए केस और 320289 मरीज ठीक
देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 3,57,229 नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, इस दौरान कोरोना वायरस के 3,20,289 ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते एक दिन में कोरोना वायरस के कारण 3,449 लोगों की जान गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 2,22,408 तक पहुंच गई है। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 2,02,82,833 हो गए हैं, जिनमें से अभी तक 1,66,13,292 मरीज ठीक हो चुके हैं।
Recommended Video

इससे पहले सोमवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के अलग-अलग राज्यों में फिलहाल कोरोना वायरस के 34,47,133 एक्टिव केस हैं। गौरतलब है कि इस समय देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 15,89,32,921 डोज दी जा चुकी हैं।
मुंबई में अभी तक के सबसे कम कोरोना केस
सोमवार को एक राहत की खबर उस वक्त भी आई, जब महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में कमी देखने को मिली। महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस के 48,621 नए मामले रिकॉर्ड किए गए, जबकि 59,500 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे। वहीं, मुंबई में भी अभी तक के सबसे कम कोरोना केस दर्ज किए गए। सोमवार को मुंबई में कोरोना वायरस के 2662 नए मामले मिले, जबकि 5746 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दी।
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 18,043 नए मरीज मिले। इस दौरान 20,293 मरीज कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होकर अपने घर लौटे। राजधानी में सोमवार को कोरोना वायरस के कारण 448 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 17,414 पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications