उत्तराखंड: कोरोना की वजह से CM त्रिवेंद्र के फेफड़ों में संक्रमण, दून अस्पताल में करवाया गया भर्ती
Trivendra Singh Rawat COVID-19 Positive: कोरोना महामारी पूरे देश में फैल चुकी है। आम से लेकर खास तक सभी इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं। हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें घर पर ही आइसोलेट किया गया, लेकिन अब उनके फेफड़ों में संक्रमण मिला है, जिस वजह से उन्हें राजधानी में स्थित दून अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक रविवार शाम मुख्यमंत्री को हल्का बुखार हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन करवाया। जिसमें उनके फेफड़े में हल्के संक्रमण की बात पता चली। इसके बाद उन्हें दून अस्पताल के वीआईपी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। सीएम के इलाज के लिए एक टीम भी गठित की गई है, जिसमें डॉक्टर एनएस बिष्ट, कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग अग्रवाल, मेडिसन एचओडी डॉ. नारायणजीत सिंह शामिल हैं।
अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री के मुताबिक सीएम को हल्का बुखार था, जिस वजह से डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। उनको हल्का संक्रमण फेफड़ों में है, लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है। जांच में सीएम का ऑक्सीजन लेवल, बीपी और ईसीजी भी नॉर्मल आया है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की पूरी निगरानी कर रही है। वहीं सीएम के साथ उनकी बेटी और पत्नी भी कोरोना संक्रमित हुईं थी, जिनकी हालत स्थिर है।
उत्तराखंड में कितने केस?
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। जिसमें 1.48 लाख की मौत हुई है, जबकि 97.6 लाख मरीज इस बीमारी से सही हुए हैं। वहीं उत्तराखंड भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां पर मरीजों की संख्या 89,218 हो गई है। जिसमें से 1476 की मौत हुई है, जबकि 82298 ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications