चिदंबरम की तिहाड़ में मनेगी दिवाली, 30 अक्टूबर तक बढ़ी हिरासत
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग केस में घिरे पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की दिवाली इस बार तिहाड़ जेल में ही होगी। दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को 30 अक्टूबर तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया। हालांकि, इस बीच एम्स में उनके स्वास्थ्य की जांच भी कराई जाएगी। चिदंबरम 17 अक्टूबर से प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं।

जांच एजेंसी ने कांग्रेस के 74 वर्षीय वरिष्ठ नेता को पूछताछ के लिए सात और दिन के लिए उसकी हिरासत में भेजे जाने का अनुरोध किया है। चिदंबरम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि चिदंबरम बहुत बीमार हैं और उन्होंने हैदराबाद में उपचार के लिए दो दिन की अंतरिम जमानत मांगी है।
ईडी की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि दस्तावेजी सबूत सामने आया है जिससे चिदंबरम के धनशोधन से जुड़े होने का पता चलता है। विधि अधिकारी ने कहा कि चिदंबरम से और पूछताछ किए जाने की जरूरत है। ईडी ने 16 अक्टूबर को चिदंबरम को हिरासत में लिया था और उनकी हिरासत अवधि गुरुवार को समाप्त हो गई। अदालत ने कहा कि उनकी हिरासत की अन्य शर्तें वही रहेंगी जिसमें उन्हें घर का बना खाना उपलब्ध कराया जाना भी शामिल है।
सीबीआई ने 15 मई 2017 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें आईएनएक्स मीडिया समूह को 2007 में विदेशी चंदा प्राप्त करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की ओर से मिली मंजूरी में गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया था। उस दौरान चिदंबरम वित्त मंत्री थे। इसके बाद ईडी ने इस संबंध में 2017 में धनशोधन का एक मामला दर्ज किया था।












Click it and Unblock the Notifications