INX मीडिया केस: अदालत ने चार दिन और बढ़ाई पी चिदंबरम की सीबीआई रिमांड
Recommended Video
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम की सीबीआई रिमांड सोमवार को रोज एवन्यू कोर्ट ने चार दिन के लिए और बढ़ा दी है। आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार चिदंबरम को अब 30 अगस्त को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत में सीबीआई ने दलील दी कि चिदंबरम का आमना-सामना इस केस के दूसरे आरोपियों से कराया जाएगा, लिहाजा उन्हें 5 दिन की रिमांड चाहिए। इस पर कोर्ट ने चिदंबरम की रिमांड 4 दिनों के लिए बढ़ा दी। चिदंबरम के वकील कपिल सिब्बल ने उनकी रिमांड बढ़ाए जाने का विरोध किया लेकिन अदालत ने सीबीआई की दलील को मानते हुए रिमांड बढ़ा दी।

सीबीआई की विशेष अदालत ने चिदंबरम की रिमांड बढ़ाने का आदेश देते हुए उनको अपने वकील और परिवार के सदस्यों से रोजाना आधे घंटे के लिए मिलने की छूट दी है। 48 घंटे बाद चिदंबरम का मेडिकल टेस्ट भी होगा। बीते हफ्ते गुरुवार को सीबीआई ने उनको अदालत में पेश किया था। जहां से उन्हें 26 अगस्त तक के लिए रिमांड पर भेजा गया था, जिसे आज 30 अगस्त तक के लिए बढ़ाया गया है।
सोमवार को सुनवाई के दौरान, राउज एवेन्यू कोर्ट में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से कहा कि सीबीआई को चिदंबरम से पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड और चाहिए। हमने इनको डॉक्यूमेंट दिखाए, रिकॉर्डिंग भी हुई है। आज हमने एक आरोपी से आमना-सामना भी करवाया, लेकिन ये प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, अभी उनका एक-दो और लोगों से भी आमना-सामना कराना है। ऐसे में हमें आगे 5 दिन की रिमांड चाहिए।
चिदंबरम के वकील कपिल सिब्बल ने सीबीआई कस्टडी का विरोध करते हुए कहा कि रिमांड को ना बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि जिस दस्तावेज के बदौलत सीबीआई चिदंबरम की कस्टडी चाहती है वो सबूत कोर्ट के समक्ष रखें। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद रिमांड बढ़ाने का फैसला दिया।
पूर्व वित्त और गृह मंत्री पी चिदंबरम को सीबीआई ने बुधवार रात आईएनक्स मीडिया केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। ये मामला काफी दिन से चल रहा है। चिदंबरम को कोर्ट से गिरफ्तारी से राहत मिली हुई थी। मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत की अपील खारिज होने के बाद चिदंबरम की गिरफ्तारी हुई।












Click it and Unblock the Notifications