पीएम मोदी की वजह से कपल ने की शादी, बीवी ने फिर किए ट्विटर पर खौफनाक खुलासे
'वो मुझपर इतना शक करता है कि मैं बाथरूम में क्या कर रही थी, ये भी मुझे उसे बताना पड़ता है।'
नई दिल्ली। आपने अक्सर ऐसे किस्से सुने होंगे, जहां एक लड़का और लड़की सोशल मीडिया यानी फेसबुक या ट्विटर पर दोस्त बने और बाद में दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन...हाल ही में पहली बार एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में कमेंट करने पर एक लड़की और लड़के ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया। यह कपल प्रधानमंत्री मोदी को पसंद करता था और सोशल मीडिया पर कमेंट बॉक्स में एक दूसरे के कमेंट देखकर ही दोनों ने एक-दूसर को पसंद करते हुए शादी कर ली। अब इस शादी में एक नया मोड़ आ गया है। दरअसल शादी के चंद दिनों बाद ही पत्नी ने अपने पति पर एक बड़ा आरोप लगाया है।

'पब्लिसिटी के लिए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया'
मामले में शादी के कुछ दिनों बाद ही पत्नी अल्पिका पांडे ने ट्वीट करते हुए अपने पति जय दवे पर उसे प्रताड़ित करने और गाली-गलौच करने का आरोप लगाया है। अल्पिका ने अपने आरोपों में कहा है कि उसके पति ने भारतीय जनता पार्टी और सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी पाने के लिए उसकी तस्वीरों का भी गलत इस्तेमाल किया। एक के बाद एक किए गए ट्वीट में अल्पिका ने कहा है कि जय देव ने उसके ऊपर दबाव बनाकर उससे शादी की। बताया जा रहा है कि अल्पिका पांडे बीती 1 फरवरी से अपने माता-पिता के साथ ही रह रही हैं। आरोप है कि अल्पिका के ससुराल वाले उनसे ट्वीट हटाने के लिए भी दबाव बना रहे हैं।

कैसे हुई कहानी की शुरुआत
इसकी कहानी की शुरुआत कुछ दिनों पहले उस वक्त हुई, जब गुजरात के रहने वाले जय दवे नामक शख्स ने ट्विटर पर एक खास पोस्ट लिखी। उसने अपने ट्वीट में लिखा, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की एक पोस्ट पर मैंने कुछ टिप्पणी की थी, जिसे एक महिला ने लाइक किया। इसके बाद हम दोनों की बातचीत होने लगी, हमारी मुलाकात हुई और हमने ये देखा कि हम दोनों ही नरेंद्र मोदी को सपोर्ट करते हैं क्योंकि हम इस देश के लिए जीना चाहते हैं। इसलिए हम दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला लिया है।' इस पोस्ट में एक तस्वीर शेयर की गई थी, जिसमें जय दवे और अल्पिका पांडे ने 'नमो अगेन' की टी-शर्ट पहनी हुई थी।

'मैंने आत्महत्या तक करने की कोशिश की'
इसके बाद देखते ही देखते ट्विटर पर यह पोस्ट वायरल हो गई और बड़ी संख्या में लोग इसे शेयर करने लगे। बताया जा रहा है कि इस कपल ने बीते 31 दिसंबर को एक-दूसरे से शादी की थी। शादी के ठीक एक महीने बाद ही अल्पिका ने ट्वीट करते हुए जय दवे पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अल्पिका ने अपने ट्वीट में कहा कि उसका पति उसे प्रताड़ित करता है और उसके घरवाले भी उसका साथ देते हैं। अल्पिका ने अपने आरोपों में कहा, 'मेरे पति ने मुझे शारीरिक और मानसिक रूप से इतना प्रताड़िता किया कि मैंने तंग आकर आत्महत्या तक करने की कोशिश की। मुझे ससुराल में इतनी भी इजाजत नहीं है कि मैं परिवार के किसी सदस्य के बिना घर से बाहर निकल सकूं।'

'मैं बाथरूम में क्या कर रही थी, ये भी बताना पड़ता है'
अल्पिका ने 2 फरवरी को ट्वीट करते हुए कहा, 'आपने जो कहानी जय दवे से सुनी थी, ये उस कहानी का दूसरा हिस्सा है। वो, जो एक लड़की से फेसबुक पर मिला, जिसने राहुल गांधी के पेज पर उस लड़की का एक कमेंट लाइक किया। उन दोनों को प्यार हुआ और क्योंकि वो दोनों नरेंद्र मोदी को सपोर्ट करते हैं इसलिए दोनों ने शादी कर ली। वो लड़की मैं हूं। मैं अभी केवल 18 साल की हूं और वो 29 साल का है, हालांकि वो चेहरे से इतनी उम्र का नहीं दिखता। सबसे पहले उसने अपने फायदे और पब्लिसिटी के लिए बिना मुझे बताए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया। उसने भाजपा और सोशल मीडिया पर अपने छवि को चमकाने के लिए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया। वो मुझपर इतना शक करता है कि मैं बाथरूम में क्या कर रही थी, ये भी मुझे उसे बताना पड़ता है। मुझे उसे सबकुछ बताना पड़ता है, यहां तक कि वो मेरा फोन तक छीन लेता है। मुझे तो संदेह है कि क्या उसकी भावनाएं मेरे लिए वाकई में सच थी। क्या भक्ति के नाम पर एक मोदी भक्त यही करता है।'












Click it and Unblock the Notifications