अदार पूनावाला ने किया बड़ा ऐलान, जल्द आ सकती है देश में कोरोना की तीसरी वैक्सीन
नई दिल्ली। Coronavirus के खिलाफ लड़ाई में भारत लगातार मजबूती से आगे बढ़ रहा है। भारत में पहले ही दो कोरोना वायरस की वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है और इसे लोगों को लगाया जा रहा है। लेकिन अब भारत तीसरी वैक्सीन को लाने की तैयारी कर रहा है। Serum Institute India के चीफ अदार पूनावाला ने ऐलान किया है कि उनकी कंपनी दूसरी कोरोना वायरस की वैक्सीन को इस साल जून माह में लॉन्च कर सकती है। उन्होंने कहा कि अगर इस वैक्सीन को मंजूरी मिलती है तो यह देश की तीसरी वैक्सीन होगी।
Recommended Video

पूनावाला ने कहा कि सीरम इंस्टिट्यूट Novavax वैक्सीन का ट्रायल कर रहा है और यह कोरोना वायरस के खिलाफ कितनी कारगर है इसको लेकर जो रिपोर्ट सामने आई है वह काफी अच्छी है। ट्विटर पर एक ट्वीट के जरिए पूनावाला ने कहा कि Novavax के साथ हमारी साझेदारी काफी अच्छी रही है और इसने काफी अच्छे परिणाम दिए हैं। भारत में इसके ट्रायल को लेकर हमने आवेदन किया है। उम्मीद है कि इसे जून 2021 तक लॉन्च किया जाएगा।
बता दें कि मौजूदा समय में पुणे के सीरम इंस्टिट्यूट की कोवीशील्ड और भारत बायोटेक की स्वदेशी वैक्सीन कोवाक्सीन देशभर में लोगों को दी जा रही है। कोवाक्सीन को हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च और नेशनल इंस्टिट्यूट वीरोलॉजी ने तैयार किया है। देश में कोरोना वायरस की वैक्सीन को लगाने का कार्यक्रम 16 जनवरी को शुरू किया गया है।
इन तीन के अलावा चार और वैक्सीन को तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने जानकारी दी कि जायडस कैडिला, रूस की स्पटनिक वी, बायोलॉजिकल ई और जेनोवा भी अन्य वैक्सीन हैं जोकि भारत में एडवांस चरण के क्लीनिकल ट्रायल में हैं। बता दें कि देश में अभी तक 33 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। एक फरवरी से देश में फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications