कोरोना वायरस वैक्सीन के लिए कोशिशें तेज, इन छह शहरों में चल रहा है ह्यूमन ट्रायल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने के लिए देश में प्रयास जारी हैं। भारत बायोटेक और जाइडस कैडिला की वैक्सीनों का अलग-अलग राज्यों के 6 शहरों में ह्यूमन ट्रायल यानी इंसानों पर परीक्षण चल रहा है। भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलोजी के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इस वैक्सीन का 12 शहरों में ट्रायल होना है।

इन छह शहरों में ट्रायल चल रहा
देश में छह शहरों, हैदराबाद, पटना, कांचीपुरम, रोहतक और दिल्ली में कोवैक्सीन के ट्रायल शुरू हो चुके हैं। इसके बाद इस वैक्सीन का ट्रायल नागपुर, भुवनेश्वर, बेलगाम, गोरखपुर, कानपुर, गोवा और विशाखापत्तनम में किया जाएगा। पहले चरण में 500 वॉलंटियर्स शामिल होंगे जिनकी उम्र 18 से 55 साल के बीच होगी।
Recommended Video

दिल्ली में दिया गया वैक्सीन की टीका
राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में देश की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन का इंसान पर ट्रायल शुक्रवार से शुरू हो गया है। कोविड-19 के लिए बनी वैक्सीन कोवैक्सीन के मानव परीक्षण के लिए एम्स में पहला टीका 30 साल के शख्स को लगाया गया। ट्रायल को कर रही टीम को लीड कर रहे प्रोफेसर डॉ संजय रॉय ने बताया कि शुक्रवार को पहले व्यक्ति को वैक्सीन दी गई है। सभी स्वास्थ्य जांच के बाद उसको ये टीका दिया गया है। अच्छी बात है कि इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं दिखाई दिया है। सात दिन तक इस शख्स को डॉक्टरों की निगरानी में ही रहेगा।

देश में तेजी से बढ़ रहे मरीज
देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देशभर में बीते 24 घंटे में 48,916 नए मामले सामने आए हैं और 757 लोगों की मौत हुई है। शनिवार शाम तक देश में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 13 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। अब तक देश में कोरोना संक्रमण से कुल 31,660 मौतें हो चुकी हैं। देश में फिलहाल एक्टिव मरीज 461,830 हैं। वहीं इलाज के बाद संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 868,354 है। दुनिया के दूसरे देशों से भारत की तुलना की जाए तो कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे नंबर पर है। अमेरिका और ब्राजील में ही भारत से ज्यादा मामले हैं।
देश में महाराष्ट्र सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। महाराष्ट्र में तीन लाख, 57 हजार केस हैं और 13,132 मौतें हुई हैं। इसके बाद तमिलनाडु में दो लाख छह हजार, दिल्ली में 1 लाख 29 हजार, कर्नाटक में 85 हजार, आंध्र प्रदेश में 88 हजार, उत्तर प्रदेश में 63 हजार तो गुजरात और पश्चिम बंगाल में 53 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले अब तक सामने आ चुके हैं। इसके बाद तेलंगाना में 53 हजार से ज्यादा केस मिले हैं।
एम्स में भारत की पहली कोरोना वैक्सीन का ट्रायल शुरू, 30 साल के शख्स को लगाया गया टीका












Click it and Unblock the Notifications