Good News: PGI रोहतक में 3 लोगों को लगाई गई कोरोना की वैक्सीन-हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री
नई दिल्ली- कोरोना वैक्सीन को लेकर भारत में ही आज बहुत अच्छी खबर आई है। हरियाणा के पीजीआई रोहतक में आज कोरोना वैक्सीन की इंसानों पर ट्रायल शुरू हो गई है। कोवैक्सीन की यह ट्रायल भारत बायोटेक ने शुरू की है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि तीन लोगों को वैक्सीन दी गई है और तीनों ने उसे अच्छे से सहन किया है और अबतक इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा है।

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कोरोना वैक्सीन के भारत में ट्रायल शुरू होने की जानकारी देते हुए आज बताया कि, 'भारत बायोटेक ने आज पीजीआई रोहतक में कोरोना वैक्सीन (कोवैक्सीन) का इंसानों पर ट्रायल शुरू कर दिया है। आज तीन लोगों को इसके लिए एनरोल किया गया था। सभी ने वैक्सीन को बहुत ही अच्छे से सहन किया है। कोई विपरीत प्रभाव नहीं दिखा। '
बता दें कि कोरोना को रोकने के लिए कोवैक्सीन नाम का यह टीका इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी और भारत बायोटेक ने विकसित किया है।
बता दें कि कोविड-19 महामारी रोकने के लिए इस समय दुनियाभर में करीब 150 वैक्सीन पर काम चल रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक कई वैक्सीन की अब फेज 2 ट्रायल शुरू हो रही है। लेकिन, भारत के अलावा जिन स्थानों पर वैक्सीन तैयार होने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है, उनमें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, मॉडर्ना, कैनसिनो, साइनोफार्म और एस्ट्रा-जेनेका की वैक्सीन अंतिम दौर में हैं। अपने देश में दो तरह की वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल चल रहा है।
गौरतलब है कि अब पूरे विश्व में इस तरह की मांग भी शुरू हो चुकी है कि वैक्सीन कहीं भी बने वह पूरी दुनिया को मिले। इसके लिए आधा दर्जन से ज्यादा देशों ने एक मुहिम भी शुरू कर दी है। इस तरह की वकालत करने वालों में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का नाम सबसे आगे है। उन्होंने मांग की है कि सबको यह तय करना चाहिए कि वैक्सीन का लाभ सबको मिले।












Click it and Unblock the Notifications