'मैं नहीं लगवाऊंगा कोरोना वैक्सीन' वाले अखिलेश के बयान पर क्या बोलीं मुलायम की छोटी बहू अपर्णा यादव
कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने के अखिलेश के बयान पर क्या बोलीं अपर्णा यादव
Coronavaccine Update: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन ना लगवाने के उनके बयान को अपर्णा यादव ने गलत कहा है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा ने कहा है कि अखिलेश यादव ने जो कहा है, वो ठीक नहीं है। इसे पार्टी से नहीं जोड़ा जा सकता है क्योंकि वैक्सीन को डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने बनाया है ना कि किसी राजनीतिक दल ने। अपर्णा ने कहा कि उन्होंने (अखिलेश यादव) ऐसा कहकर डॉक्टरों की बेइज्जती की है।

क्या कहा है अपर्णा ने
अखिलेश यादव के बयान को लेकर हुए सवाल पर अपर्णा यादव ने एक टीवी चैनल से कहा, इमरजेंसी यूज के लिए कोरोना वैक्सीन को मंजूरी दी गई है। कोविड वैक्सीन पूरे विश्व के लिए है। ऐसा नहीं कहना चाहिए कि यह किसी राजनीतिक पार्टी से संबंधित है। यह कहना सही नहीं है। बहुत नुकसान इस महामारी से हुआ है और सभी लोग वैक्सीन का इंतजार कर रहे थे। वैक्सीन को लेकर ऐसी बात बोलना भारत के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों की बेइज्जती करना है।
Recommended Video

क्या बोले थे अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि वो कोरोना वायरस की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। यादव ने कहा था कि मैं भाजपा की वैक्सीन पर विश्वास नहीं कर सकता। मैं ये टीका नहीं लगवाऊंगा। बाद में अखिलेश यादव ने ये भी रहा कि हमें वैज्ञानिकों की दक्षता पर पूरा भरोसा है लेकिन भाजपा की ताली-थाली वाली अवैज्ञानिक सोच और इस सरकार की वैक्सीन लगवाने की उस चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा नहीं है, जो कोरोनाकाल में ठप्प पड़ी है।

भाजपा नेता भी लगातार अखिलेश पर हमलावर
अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर भाजपा नेता लगातार उनपर हमलावर हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अखिलेश यादव का इसे भाजपा का टीका कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि अखिलेश ऐसा कहकर अपने कार्यकर्ताओं की जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं नरोत्तम मिश्रा, राज्यवर्धन सिंह राठौर और दूसरे भाजपा नेताओं ने भी अखिलेश के बयान पर सवाल उठाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications