CORONAVIRUS: आईसोलेशन वार्ड से बोलीं कनिका कपूर- मेरे बारे में अफवाह फैलाई जा रही, डॉक्टरों पर लगाए आरोप
नई दिल्ली। बॉलीवुड गायक कनिका कपूर को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद लखनऊ के केजीएमयू के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया है। बताया गया है कि बीते हफ्ते लंदन से लौटीं कनिका ने कई पार्टियां कीं और अपने संक्रमण की बात छुपाई। कनिका ने इस बात को नकार दिया है। एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो बातें मेरे बारे में जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं वो गलत हैं। मैंने अपने बारे में कोई जानकारी ना तो छुपाई है और ना ही मैं एयरपोर्ट पर जांच से बची हूं। अस्पताल में डॉक्टरों से बर्ताव पर भी उन्होंने सवाल उठाया है।

डॉक्टर मुझे धमका रहे हैं
कनिका ने कहा, मुझे बुखार है और मैं अस्पताल में भर्ती हूं. मैं थोड़ी परेशान हूं और मुझे नहीं पता कि इसका कैसे इलाज होगा। डॉक्टर मेरी जांच करने के बजाय मुझे धमका रहे हैं, उन्हें मरीज के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए। यहां मुझे अकेले कमरे में रखा गया है, खाने को भी कुछ नहीं दिया गया है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि ऐसा क्यों हो रहा है।

सोशल मीडिया पर भी लिखी पोस्ट
कनिका कपूर ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी एक पोस्ट लिखी है। इसमें उन्होंने कहा है, पिछले 4 दिनों से मुझे फ्लू के लक्षण थे, मैंने खुद की जांच कराई और यह कोरोना पॉजिटिव आया। इसके बाद मेरा परिवार और मैं अभी पूरी तरह से आइसोलेशन में हैं और डॉक्टर से सलाह ले रहे हैं। जिन लोगों के संपर्क में मैं रही उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कनिका ने आगे यह भी लिखा, 10 दिन पहले जब मैं घर आई तो एयरपोर्ट पर नॉर्मल प्रक्रिया के अनुसार, स्कैनिंग हुई थी लेकिन लक्षण पिछले चार दिन पहले सामने आए हैं।

कनिका पर कई सवाल
कनिका ने अपने बारे में कही जा रही बातों को गलत कहा है लेकिन जो जानकारी सामने आ रही है। वो उन पर सवाल खड़े करती है। बताया गया है कि वे 15 मार्च को लंदन से लौटी थीं। यहां एक अपार्टमेंट में रुकीं और ताज होटल में एक पार्टी में शामिल हुईं। इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके बेटे भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद थे। इन के अलावा भी बहुत से लोग इस पार्टी में थे। तनिका के अपने कुछ रिश्तेदारों के यहां जाने की बात भी सामने आई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सामने आए कोरोना के 4 नए मामलों में एक नाम कनिका का है।












Click it and Unblock the Notifications