Coronavirus: ओमिक्रॉन के नए सब वेरिएंट BF.7 को लेकर AIIMS से आई राहत की खबर
कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट का नया सब वेरिएंट बीएफ.7 चीन में इस समय लाखों लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। ऐसे में भारत पर इस वायरस का असर क्या होगा, इसे लेकर एम्स के सीनियर डॉक्टर संजय राय ने जवाब दिया है।

Coronavirus in India: चीन में कोहराम मचा रहे कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के सब वेरिएंट BF.7 के संदिग्ध मामले भारत में मिलने की खबर से हड़कंप मच गया है। इससे पहले बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोरोना वायरस के हालात को लेकर समीक्षा बैठक की, जिसमें कुछ अहम फैसले लिए गए। इस बीच एक सवाल सभी के मन में उठ रहा है कि क्या ये सब वेरिएंट BF.7 भारत में भी फैलेगा और आखिर ये कितना संक्रामक और कितना खतरनाक है। इन सब सवालों को लेकर दिल्ली स्थित एम्स में सीनियर एपिडेमियोलॉजिस्ट (महामारी विशेषज्ञ) डॉ. संजय राय ने एक राहत की खबर दी है।

इस समय कौन से लोग हैं सबसे ज्यादा सुरक्षित
डॉ. संजय राय से जब कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के इस सब वेरिएंट BF.7 को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने बताया, 'भारत में हमारे पास इस बात के पूरे और पुख्ता प्रमाण हैं कि जो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं, वो सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। हालांकि कोरोना वायरस के सभी वेरिएंट को मॉनिटर करना बहुत जरूरी है। लेकिन, इस बात की आशंका नहीं है कि मौजूदा हालात में कोरोना वायरस की वजह से हमें किसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा।'

देश में मिले BF.7 के चार संदिग्ध मामले
आपको बता दें कि बुधवार को देश में कोरोना वायरस के सब वेरिएंट BF.7 के चार संदिग्ध मामले मिलने की खबर आई थी। वहीं, एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर में ओमिक्रॉन के BF.7 और BF.12 सब वेरिएंट से संक्रमित मरीज सामने आए थे। इन मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में ही किया गया और अब ये पूरी तरह ठीक हैं।

'फिलहाल यहां हालात पूरी तरह कंट्रोल'
वहीं, मुंबई के जेजे हॉस्पिटल की डीन और हेल्थ एक्सपर्ट डॉक्टर पल्लवी सापले ने इस बारे में अपनी राय रखते हुए बताया, 'कई देशों में कोरोना वायरस के मामले जिस तरह से बढ़ रहे हैं, हो सकता है कि उसकी वजह खराब टीकाकरण, अच्छी क्वालिटी की वैक्सीन ना लेना या फिर बहुत ज्यादा प्रतिबंध हों। भारत की अगर बात करें तो फिलहाल यहां हालात पूरी तरह कंट्रोल हैं। लेकिन, हमें सावधान रहने की जरूरत है।'

'भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए'
डॉक्टर पल्लवी सापले ने आगे कहा, 'अगर एक भी मामला मिलता है तो उसके भी फैलने का डर है। सरकार ने हर सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया है। अगर किसी ने अभी तक भी वैक्सीन नहीं ली है तो वैक्सीन जरूर लें। अगर आपको कोविड से जुड़े लक्षण नजर आ रहे हैं तो अपना टेस्ट जरूर कराएं। कोरोना वायरस के मामले बढ़ने को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जरूरत है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए और अपने ब्लड शुगर लेवल की नियमित तौर पर जांच करानी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications