Unlock-3 में नए नियमों के साथ खुल सकते हैं सिनेमाघर! संचालकों ने सरकार को भेजी नई SOP
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मार्च में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू किया था। लगभग दो महीने लॉकडाउन लागू रहने के बाद सरकार देश के अलग-अलग सेक्टर्स को चरणबद्ध तरीके से खोल रही है। सरकार अनलॉक 3 के तहत अगले महीने मल्टीप्लैक्स और सिनेमाघरों को खोल सकती है। मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने सिनेमाघरों के फिर से खोलने के लिए एक एसओपी तैयार की है। जिसके तहत पेपरलैस टिकट, सीट डिस्टेंसिंग जैसे कदम उठाए गए हैं। आईनॉक्स, पीवीआर पिक्चर्स और सिनेपोलिस इंडिया ने कहा कि मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा अपने सदस्यों के साथ मिलकर एसओपी का एक सेट विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के साथ-साथ प्रधानमंत्री कार्यालय और नीति आयोग को इस महीने की शुरुआत में जमा किया गया था।
Recommended Video

मार्च से बंद हैं देश के सारे सिनेमा
स्वचालित सीट डिस्टेंसिंग के लिए एल्गोरिदम, सिनेमाघरों की नियमित सफाई और लॉबी क्षेत्र और रेलिंग और दरवाजे जैसे जगहों के सेनेटाइजेशन के साथ-साथ तापमान स्कैन जैसी मूल बातें को एसओपी में शामिल किया गया है। पीवीआर पिक्चर्स के सीईओ कमल ज्ञानचंदानी ने कहा कि, यदि आप सरकार द्वारा जारी किए गए अनलॉक -1 को देखें तो इसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि सिनेमाघरों को अनलॉक 3 में खोला जाएगा, जो अगस्त में होने की संभावना है। इसलिए, उस संदर्भ में, हम बहुत आशान्वित हैं।

मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने सरकार को भेजी SOPs
भारत में कोविड-19 का प्रसार शुरू होने के बाद मार्च के मध्य में थिएटर बंद कर दिए गए थे। 25 मार्च से शुरू हुए एक विस्तारित राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद, सरकार ने व्यवसायों और अन्य सेवाओं के लिए चरणबद्ध तरीके से पुनः आरंभ के लिए निर्देश जारी किए थे। फिल्मों की कमाई का एक बड़ा हिस्सा सिनेमाजगत को थियेटरों से मिलता है। जो लॉकडाउन के बाद से बंद चल रहे हैं। ऐसे में सिनेमाघरों के खुलने के बाद दर्शकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए मल्टीप्लेक्स हर संभव कदम उठाने की जुगत में हैं।

अनलॉक 3 में होंगे ये इंतजाम
ज्ञानचंदानी ने कहा मल्टीप्लेक्स में कोई भी एक ही समय में दो स्क्रीन शुरू नहीं करेगा। इसके अलावा, हम अंतराल को इस तरह से निर्धारित करेंगे कि वे एक-दूसरे के साथ टकराएं नहीं और कम से कम 15 मिनट से लेकर आधे घंटे तक का अंतराल हो। शो के बीच अधिक अंतराल रखा जाएगा। जिससे हमें सिनेमाघरों को साफ और कीटाणुरहित करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। सिनेमा परिसरों के प्रवेश द्वार पर सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा और तापमान की जांच की जाएगी। पीवीआर भारत और श्रीलंका के 71 शहरों में 176 संपत्तियों पर 841 स्क्रीन वाला सिनेमा सर्किट संचालित करता है।

मास्क पहना होगा अनिवार्य
आईनॉक्स के सीईओ आलोक टंडन ने कहा कि, हमने विभिन्न मंत्रालयों और अधिकारियों को पहले ही अपने एसओपी दे दिया है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। हमने जो एसओपी बनाए हैं, वे वैश्विक मानकों के अनुरूप हैं। जब हम इन एसओपी को लागू करेंगे, तो यह हमारे सभी ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। हमने उनका विश्वास हासिल करने के लिए एक बहुत ही सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बनाने पर काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications