केरल में आज 31 हजार से ज्यादा नए केस, सीएम विजयन का राज्य में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान
केरल में कोरोना बेकाबू, सीएम विजयन का राज्य में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान
तिरुवनंतपुरम, 28 अगस्त: केरल में बीते काफी दिनों से सबसे ज्यादा नए कोरोना केस आ रहे हैं। देश के कोरोना के आधे से ज्यादा मामले अकेले केरल राज्य से आ रहे हैं, ऐसे में राज्य सरकार ने नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। केरल के मुख्यमंत्री सीएम पिनाराई विजयन ने शनिवार को कहा कि कोरोना के मामलों को देखते हुए सरकार ने राज्य में रात्रि कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार (30 अगस्त) से केरल में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

केरल में लगातार 30 हजार से ज्यादा नए मामले
Recommended Video
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि 1,67,497 सैपल टेस्ट किए गए। जिसमें से 31,265 लोग कोरोना पॉजिटिव आए। वहीं आज 153 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई। केरल में लगातार चौथे दिन 30 हजार से ज्यादा कोरोना के नए केस मिले हैं। जो बाकी देश के सभी राज्यों से ज्यादा हैं। एक दिन पहले शुक्रवार को भी नए मामलों में सबसे अधिक हिस्सा केरल का था, वहां 32 हजार 801 नए मामले सामने आए है, जो कुल मामलों का जहां 66 फीसदी था। केरल में गुरुवार को कोरोना के 30,007 नए मामले सामने आए थे और 162 मौतें दर्ज की गईं थी। वहीं बुधवार को केरल में कोरोना के 31,445 नए मामले सामने आए थे, जोकि कि देश भर में सामने आए कुल केसों का 68.11 प्रतिशत था।
केरल में लगातार 30 हजार के करीब नए मामले आने से एक्टिव केस भी काफी बढ गए हैं। केरल में एक लाख 95 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। वहीं पूरे देश में 3 लाख 55 हजार एक्टिव केस हैं। केरल के अलावा सिर्फ महाराष्ट्र में 50 हजार से ऊपर एक्टिव केस हैं। देश के कुल एक्टिव केस में बढ़ा हिस्सा केरल का ही है। ऐसे में केरल को लेकर केंद्र की ओर से भी कई बार चिंता जताई जा चुकी है।
केरल सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शुक्रवार को कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि राज्य में हर रोज करीब 30 हजार नए मामले आ रहे हैं, लेकिन इससे घबराने की कोई बात नहीं है। हालात पूरी तरह से काबू में हैं। उन्होंने कहा कि आईसीयू, वेंटिलेटर-ऑक्यूपेंसी 50 प्रतिशत से नीचे रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। जॉर्ज ने प्रदेश के लोगों से भीड़ से बचने, मास्क पहनने और कोविड संबंधी सभी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications