PM CARES Fund में विदेशी दान भी स्वीकार करेगी भारत सरकार
नई दिल्ली। महामारी कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'पीएम केयर्स फंड' की घोषणा की है। देश की दिग्गज हस्तियां इस फंड में दान कर रही हैं। अब तक हजारों करोड़ों रुपये फंड में जमा हो गए हैं। जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक भारत सरकार ने अब तय किया है कि इस फंड में विदेशों से भी दान की गई रकम स्वीकार की जाएगी। इस तरह विदेश में बसा कोई व्यक्ति या संगठन इसमें दान कर भारत की सहायता कर सकता है।

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने इसके गठन के दौरान कहा था कि यह एक स्वस्थ भारत बनाने में एक लंबा रास्ता तय करेगा और जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग इस फंड में दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा था कि यह मेरे साथी भारतीयों से मेरी अपील है कि वे कृपया कर पीएम- केयर्स फंड में योगदान करें। यह फंड आगे भी आने वाले समय में इसी तरह की संकटपूर्ण स्थितियों से सामना करने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा था कि पीएम- केयर्स फंड छोटे से छोटे दान को भी स्वीकार करता है। यह आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करेगा और नागरिकों की सुरक्षा पर अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि आइए हम भारत को स्वस्थ बनाने और अपनी भावी पीढ़ियों को अधिक समृद्ध बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।
गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय ने बीते 16 मार्च को इस संकट को देखते हुए स्पेशल COVID-19 सेल का निर्माण किया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभी तक उनको दुनियाभर में रह रहे भारतीयों की 3300 कॉल्स और 2200 ई-मेल मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सरकार का फोकस है कि जिस देश से भारतीय कॉल्स या मेल कर रहे हैं, वहां के दूतावास से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद दी जाए। अभी तक भारत अलग-अलग देशों से भारतीयों समेत अन्य देशों के 2500 नागरिकों को एयरलिफ्ट कर चुका है। ज्यादातर लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रख उनकी जांच की गई। अभी तक भारत से करीब 10 हजार विदेशी नागरिक अपने देश जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications