भारत में कोरोना मरीजों की संख्या चीन से भी ज्यादा, अमेरिका में सबसे अधिक संक्रमण
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में भारत ने चीन को पीछे छोड़ दिया है। दरअसल भारत में शुक्रवार को कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 85,760 हो गई। इसी के साथ भारत ने चीन को पीछे छोड़ दिया जहां अब तक 84,031 कोरोना मरीज सामने आए हैं। बता दें कि कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर से ही दुनिया में फैला था। कोरोना वायरस से प्रभावितों के आंकड़ों पर नजर रखनेवाली संस्था जॉन्स हॉपकिन्स ने यह डाटा जारी किया है, जिसके मुताबिक रात करीब 11:10 बजे (भारतीय समयानुसार) भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 85,760 है, जबकि चीन में यह 84,031 है।
Recommended Video

हालांकि मरनेवालों की संख्या को देखा जाए, तो भारत अब भी चीन से काफी बेहतर है। देश में कोरोना से अब तक 2753 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं चीन में इस बीमारी की वजह से कुल 4637 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की दर 5.5 प्रतिशत थी जोकि भारत में 3.2 प्रतिशत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के नवीनतम उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत में लगभग 27,000 से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, रिकवरी रेट लगातार सुधर कर 34.06 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
उल्लेखनीय है कि कोरोनावायरस संक्रमितों के मामले में अब विश्व में भारत का स्थान 11वां है। कोरोना मरीजों की संख्या के मामले में भारत से 10 देश आगे हैं। जिनमें 14,50,136 केस के साथ अमेरिका सबसे आगे है। दुनिया भर में 44 लाख से ज्यादा लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हैं जिसमें से एक तिहाई से ज्यादा मामले अकेले अमेरिका में हैं। बता दें कि दिसंबर में वुहान में संक्रमण शुरू होने के बाद से अब तक दुनिया में तीन लाख अधिक लोगों की मौतें कोरोना वायरस की वजह से हुई हैं जबकि 45 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। चीन और अन्य देश अपनी अर्थव्यवस्था को खोलने की शुरुआत कर रहे हैं । हालांकि कोरोना वायरस के संक्रमण के दोबारा फैलने की नए सिरे से चिंता बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications