कोरोना वायरस: रविवार को जनता कर्फ्यू में दिल्ली मेट्रो भी रहेगी बंद
नई दिल्ली। रविवार (22 मार्च) को दिल्ली मेट्रो बंद रहेगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने कहा है कि कोरोना वायरस से सावधानी को देखते हुए 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो सर्विस नहीं देगी। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है, लोगों से अपने घरों में रहने को कहा गया है। इसी को देखते हुए मेट्रो ने अपनी सेवाएं बंद करने का फैसला किया है। दिल्ली में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब दिल्ली मेट्रो का परिचालन एक दिन के लिए पूरी तरह से बंद किया जा रहा है।
Recommended Video

डीएमआरसी की ओर से कहा गया है कि जनता कर्फ्यू का उद्देश्य लोगों को घरों में ही रहने के लिए प्रोत्साहित करना है क्योंकि कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सामाजिक दूरी जरूरी है। ऐसे में हमने मेट्रो सेवा बंद करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार शाम देश के नाम अपने संबोधन में कोरोना वायरस संकट को लेकर आगामी 22 मार्च को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक 'जनता कर्फ्यू' का आह्वान किया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़कर किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है।
शुक्रवार को करीब दो दर्जन नए मामले सामने आने के बाद भारत में इस संक्रमण के मरीजों की तादाद 195 पर पहुंच गई है। चार लोगों की मौत भारत में इस वायरस से हुई है। वहीं दुनियाभर में 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान ये वायरस ले चुका है। इन दिनों इस वायरस का सबसे ज्यादा कहर इटली और ईरान में है। शुक्रवार तक विश्वभर में करीब ढाई लाख लोगों को कोरोना होने की पुष्टि हो चुकी है। बीते 24 घंटे में करीब 25 हजार नए केसों की पुष्टि हुई है। चीन में अब तक 3248 लोगों की मौत इस वायरस से हुई है। चीन में करीब 90 हजार लोग इससे संक्रमित हैं। इटली में कोरोना से चीन से भी ज्यादा मौत हो गई हैं। 3405 लोगों की मौत इस संक्रमण से हुई है।












Click it and Unblock the Notifications