कोरोना के नए केस 1 लाख से कम: 24 घंटों में मिले 83,876 मरीज, पॉजिटिविटी रेट 7.25%
कोरोना वायरस के नए मामलो में 22 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, 7 फरवरी: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और नए केस 1 लाख से नीचे आ गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 83,876 नए मामले सामने आए हैं और 1,99,054 मरीज ठीक हुए हैं। रविवार के आंकड़ों को देखें तो कोरोना वायरस के नए मामलों में सीधे तौर पर 22 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या अभी भी डराने वाली है और बीते एक दिन में 895 लोगों की मौत हुई है। नए आंकड़ों के साथ कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का संख्या बढ़कर 5,02,874 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार लगातार बढ़ रही है, जिसकी वजह से एक्टिव मामलों में भी गिरावट आई है और फिलहाल यह आंकड़ा घटकर 11,08,938 पर आ गया है। इसके अलावा देश में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट भी कम हुआ है और इस समय 7.25 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक वैक्सीन की कुल 1,69,63,80,755 डोज दी जा चुकी हैं।
इन पांच राज्यों में कोरोना के दैनिक केस सबसे ज्यादा
आपको बता दें कि केवल केरल को छोड़कर देश के सभी राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक मामले कम हो रहे हैं। फिलहाल जिन पांच राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक मामले सबसे ज्यादा हैं, उनमें केरल (26,729 केस), महाराष्ट्र (9,666 केस), कर्नाटक (8,425 केस), तमिलनाडु (6,120 केस) और मध्य प्रदेश (5,171 केस) शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के कुल दैनिक मामलों में से 66.9 फीसदी केस इन्हीं पांच राज्यों से हैं, और इनमें 31.87 फीसदी केस अकेले केरल में रिकॉर्ड किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications