Coronavirus: कोरोना का बंगाल में पहला केस, हरियाणा भी अछूता नहीं, मंदिर-मॉल सब बंद
नई दिल्ली। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 7 हजार से ज्यादा हो गई हैं, तो वहीं भारत में भी कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 137 हो गई है तो अब तक यहां इससे तीन लोग मौत के शिकार हो चुके हैं, दिल्ली से लेकर केरल तक दहशत फैला रहा कोरोना अब पश्चिम बंगाल भी पहुंच गया है,कोलकाता में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज मिला है तो वहीं कोरोना वायरस अब गुड़गांव में भी पहुंच चुका है।

कोरोना: बंगाल में पहला केस, हरियाणा में महिला संक्रमित
सोमवार रात वहां एक महिला का कोरोना टेस्ट पॉजेटिव आया है, वैसे तो हरियाणा में कोरोना के 14 अन्य मरीज भी हैं, लेकिन वे सभी विदेशी हैं। वहां किसी भारतीय को कोरोना पाए जाने का पहला मामला है। इसके साथ ही हरियाणा में कोरोना के मामले अब 15 हो गए हैं। हरियाणा ने कोरोना वायरस को पहले ही महामारी घोषित किया हुआ है. यही नहीं लद्दाख स्काउट के एक जवान में कोरोना की पुष्टि हुई है।

अधिकारी और कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह
मंगलवार को कोरोना वायरस से निपटने के लिए हरियाणा जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक रणबीर सिंह सांगवान ने सभी एमएनसी, आईटी फर्म, उद्योग, बीपीओ, जिला गुरुग्राम में स्थित कॉर्पोरेट कार्यालयों को सलाह दी है कि वे अपने अधिकारी और कर्मचारियों को अपने घर से 31 मार्च तक तत्काल प्रभाव से काम करने दें।

मंदिर भी हुए बंद
वहीं, कोरोना के डर की वजह से पंचकूला जिले में प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मंदिर को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। मंदिरों से घंटियां भी उतारने के आदेश दिए गए है। हालांकि इस दौरान श्रद्धालु वेबसाइट के जरिए लाइव दर्शन कर सकेंगे।

सावधानी ही बचाव है
कोराना वायरस की वजह से कई राज्यों के स्कूल-कॉलेज, मॉल, सिनेमाघरों को बंद कर दिया गया है, सोशल मीडिया पर भी लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि पूरी तरह सावधानी बरतें क्योंकि सावधानी ही बचाव है।
इन बातों का रखें खास ख्याल
- कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए हाथ को करीब 20 सेकेंड तक धोएं।
- हाथों से बैक्टीरिया साफ करने के लिए सेनेटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- इसके लिए अल्कोहल आधारित हैंड रब का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचिए।
- जिन लोगों को खांसी या जुकाम हो, उनके संपर्क में ना आएं। अपने नाक-मुंह और आंखों को बार-बार टच ना करें।
- अगर आपको खांसी, जुकाम या बुखार हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
- खांसते और छींकते समय नाक-मुंह पर रूमाल या टिशू पेपर रख लें।












Click it and Unblock the Notifications