Coronavirus: दिल्ली के सभी रेस्टोरेंट को 31 मार्च तक के लिए बंद किया गया, सिर्फ फूड डिलीवरी की अनुमति
नई दिल्ली। देश की राजधानी में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी रेस्टोरेंट को बंद करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी रेस्टोरेंट को 31 मार्च तक के लिए बंद कर करने का निर्णय लिया है। रेस्टोरेंट के भीतर खाना पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा, लेकिन खाने की डिलिवरी जारी रहेगी। यही नहीं दिल्ली में 20 या 20 से अधिक लोगों को इकट्ठा होने पर भी पाबंदी हैं। ये लोग किसी भी सामाजिक, सांस्कृति, धार्मिक, शैक्षणिक आदि आयोजन के लिए इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। इससे पहले 50 या 50 से अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पर पाबंदी लगाई गई थी।

घर से भागने वालों को किया जाएगा गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने उन लोगों की स्टैंपिंग शुरू कर दी है जिन्हें विदेश से भारत आने के बाद होम क्वारेंटाइन में रहने के लिए कहा गया है। इस तरह की मामले सामने आए हैं कि लोग घर से भाग रहे हैं। अगर ऐसे लोग खुद को घर के भीतर क्वारेंटाइन नहीं करते हैं तो सरकार उन्हें गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ एफआईआर कराने के लिए मजबूर होगी।

ट्रांसपोर्ट के साधनो को किया जा रहा संक्रमण रहित
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी राज्यों की बसों, इंटर स्टेट बस टर्मिनल, मेट्रो ट्रेन को रोजाना संक्रमण रहित किया जा रहा है, इनकी सफाई की जा रही है और किसी भी तरह का संक्रमण ना फैले इसका खयाल रखा जा रहा है। प्राइवेट ट्रांसपोर्ट के साधनो को भी हर रोज संक्रमण रहित किया जा रहा है यह काम सुबह 10 बजे से शाम को 6 बजे के बीच किया जा रहा है। यह काम निशुल्क किया जा रहा है।

दिल्ली में कोरोना से संक्रमित 10 लोग
दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अबतक कुल 10 कोरोना वायरस से संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। इसमे से एक मरीज की मौत हुई है, तीन लोगों का सफल इलाज हुआ है और वह अब स्वस्थ्य हैं। जबकि 6 लोगों की हालत बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications