Coronavirus: दिल्ली के इस क्वारंटाइन सेंटर से 95 लोगों को मिली छुट्टी
नई दिल्ली- दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 17 तक पहुंच चुकी है, जिनमें से तीन इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और एक मरीज की मौत हो चुकी है। इस बीच राहत की बात ये है कि क्वारंटाइन के लिए विदेश से आने के बाद जिन 95 लोगों को क्वारंटाइन के लिए नरेला के डीडीए फ्लैट में भेजा गया था, उन सबको शुरुआती जांच के बाद गुरुवार को होम क्वारंटाइन की सलाह देकर घर भेज दिया गया। हालांकि, गुरुवार को वहां 4 और नए संदिग्धों को क्वारंटाइन किया गया था। बता दें कि दुनिया भर में इस वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या करीब सवा दो लाख तक पहुंच चुकी है। सबसे बड़ा प्रकोप इटली में नजर आ रहा है, जहां मरने वालों की संख्या चीन के मृतकों से भी ज्यादा हो गई है।.

नरेला क्वारंटाइन सेंटर से 95 लोग घर भेजे गए
दिल्ली के नरेला स्थित डीडीए फ्लैट में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर से एक राहत भरी खबर आई है। यहां करीब 95 लोगों को क्वारंटाइन के लिए लाया गया था। लेकिन, डॉक्टरों ने 24 घंटे की निगरानी के बाद जब उनमें कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं पाया तो उन्हें होम क्वारंटाइन की सलाह देकर घर भेज दिया। हालांकि, गुरुवार को 4 और नए लोगों को यहां क्वारंटाइन के लिए लाया गया है। इस क्वारंटाइन सेंटर की निगरानी खुद डीएम नॉर्थ दिल्ली दीपक शिंदे कर रहे हैं, जिनके मुताबिक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन की सलाह देकर छुट्टी दी गई है। इस क्वारंटाइन सेंटर में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के अलावा डीडीए,एमसीडी और सिविल डिफेंस के लोग चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखे गए हैं।

दिल्ली में 9,797 यात्री होम क्वारंटाइन
बता दें कि दिल्ली के नरेला स्थित डीडीए फ्लैट्स अभी खाली पड़े हुए हैं और फिलहाल वहां 4,000 लोगों के क्वारंटाइन की व्यवस्था रखी गई है। दिल्ली एयरपोर्ट पर जो यात्री कोरोना वायरस प्रभावित देशों से पहुंच रहे हैं उनमें से कई को शुरू में इसी सेंटर में क्वारंटाइन के लिए रखा जाता है। इस बीच दिल्ली स्वास्थ्य विभाग से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक इस वक्त राजधानी में विदेशों से आए 9,797 यात्रियों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है, जबकि 57 लोग विभिन्न सरकारी सेंटर पर क्वारंटाइन किए गए हैं। दिल्ली सरकार के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर अब तक कोविड-19 प्रभावित देशों से आने वाले 1,96,200 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। गुरुवार को ही ऐसे 4,547 यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई।

क्वारंटाइन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी
यही नहीं दिल्ली सरकार अब होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भी फैसला कर चुकी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि लोग इस वायरस से घबराएं नहीं और एहतियाती कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन के उल्लंघन की जानकारी मिलने के चलते मुहर लगाने का काम किया जाएगा और जो लोग क्वारंटाइन का उल्लंघन करते पाए जाएंगे उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस के एक विदेशी नागरिक समेत कुल 17 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं, जिनमें से 3 इलाज के बाद छोड़ दिए गए हैं और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications