कोरोना: ऑस्ट्रेलिया के 444 नागरिक विशेष विमान से लौटे, अमेरिकी नहीं जाना चाहते अपने देश
लॉकडाउन से भारत में फंसे अमेरिकी नहीं जाना चाहते अपने देश
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते दुनिया के ज्यादातर देशो में इस समय लॉकडाउन है और बहुत से लोग दूसरे देशों में फंसे हुए हैं। दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया ने एक विशेष विमान से भारत में फंसे अपने 444 नागरिकों को निकाला है। ये ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों ने विशेष विमान के जरिए नई दिल्ली से मेलबर्न के लिए उड़ान भरी। अमेरिका भी दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए खास इंतजाम कर रहा है लेकिन खास बात ये है कि भारत में जो अमेरिकी हैं वो फिलहाल वापस जाना हीं नहीं चाहते हैं।

अमेरिकी भारत में ही रहना चाहते हैं
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया है कि अमेरिका विदेश विभाग अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष विमान चला रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से 50, 000 से ज्यादा नागरिकों को स्वदेश लाया गया है। लेकिन भारत में फंसे ज्यादातर अमेरिकी नागरिकों ने यहीं रुकने को तरजीह दी है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने किया अपने नागरिकों संपर्क
अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी इयान ब्राउनली ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन डीसी में पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक भारत में ही रुकना चाह रहे हैं। हमारे स्टॉफ ने भारत में 800 अमेरिकी नागरिक से पूछा कि क्या वे वापस लौटने के लिए फ्लाइट चाहते हैं लेकिन इसमें से केवल 10 लोग ऐसे थे जो लौटना चाहते हैं। 790 ने फिलहाल वहीं रहने को बेहतर समझा है। जाहिर है कि लोग अमेरिका वापस आने के बारे में तय नहीं कर पा रहे हैं। ब्राउनली ने कहा कि भारत में 24,000 अमेरिकी नागरिक हैं, जिनसे संपर्क किया जा रहा है।

अमेरिका में कोरोना की भयावह स्थिति से डर रहे नागरिक
अमेरिकी नागरिकों के वापस लौटने में हिचक की वजह वहां कोरोना का कहर है। अमेरिकी दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमरीका में 22,115 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। ऐसे में अमेरिका के मुकाबले यहां रुके अमेरिकियों को भारत ज्यादा सुरक्षित लग रहा है। ऐसे में वो चाहते हैं कि जब तक अमेरिका में कोरोना पर कुछ नियंत्रण नहीं होता, वो यहीं रुके रहें।












Click it and Unblock the Notifications