'जो लड़कियां लड़कों से सेक्स के लिए कहती हैं, वो धंधा करती हैं', मुकेश खन्ना के बयान पर मचा बवाल
मुकेश खन्ना ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है।
नई दिल्ली, 10 अगस्त: पौराणिक सीरियल महाभारत में भीष्म पितामह का किरादर निभाकर सुर्खियां बटोरने वाले और टीवी पर शक्तिमान बनकर बच्चों के सुपर हीरो बने अभिनेता मुकेश खन्ना अक्सर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर खबरों में रहते हैं। मुकेश खन्ना का एक यूट्यूब चैनल- 'भीष्म इंटरनेशनल' भी है, जहां वो देश से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय भी वीडियो के तौर पर शेयर करते हैं। अपने इसी यूट्यूब चैनल पर अब मुकेश खन्ना ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है।

मुकेश खन्ना ने अपने वीडियो में क्या कहा
दरअसल, मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में कहा कि जो लड़कियां लड़कों से सेक्स के लिए कहती हैं, वो धंधा करती हैं। 'क्या आपको भी ऐसी लड़कियां लुभाती हैं' टाइटल से अपलोड किए वीडियो में मुकेश खन्ना ने कहा, 'कोई भी लड़की अगर किसी लड़के को कहे कि मैं तुम्हारे साथ सेक्स करना चाहती हूं तो वो लड़की, लड़की नहीं है, बल्कि वो धंधा कर रही है। क्योंकि, इस तरह की निर्लज बातें कोई सभ्य समाज की लड़की कभी नहीं करेगी।'

'मुझे भी वॉटसऐप पर इस तरह के मैसेज मिले हैं'
मुकेश खन्ना ने आगे कहा, 'मुझे भी वॉटसऐप पर इस तरह के मैसेज मिले हैं और अगर ऐसी लड़कियां वास्तव में मौजूद हैं, तो निश्चित रूप से ये समाज का पतन हो रहा है। मैं एक बात और कहता हूं कि पहले महिलाओं को ना कहने का सौभाग्य प्राप्त था, लेकिन अब पुरुषों को भी ना कहने का अधिकार है।'

सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
हालांकि इस वीडियो में लड़कियों को लेकर किए गए मुकेश खन्ना के एक कमेंट पर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। इस वीडियो की एक क्लिप इंस्टाग्राम के एक पेज पर शेयर की गई, जहां लोगों ने कमेंट कर अपने रिएक्शन दिए। एक यूजर ने लिखा, 'जब शक्ति और मान (इज्जत) आपको छोड़ दे तो यही होता है।'

'शायद किसी लड़की ने इनसे कभी ये बात कही नहीं'
एक अन्य यूजर ने मुकेश खन्ना के वीडियो पर रिएक्शन देते हुए कहा, 'कमाल का लॉजिक है। वैसे मैं समझता हूं कि शायद किसी लड़की ने इनसे कभी ये बात नहीं कही होगी, तो इनके लिए जीवन भर इसी भ्रम में रहना ठीक है।' वहीं एक और यूजर ने अपने कमेंट में मुकेश खन्ना के ही सीरियल शक्तिमान की एक लाइन लिखकर तंज भी कसा। इस यूजर ने कमेंट सेक्शन में लिखा- 'अंधेरा कायम रहे।'

'आपको ब्लैकमेल किया जा सकता है'
दरअसल मुकेश खन्ना ने ये वीडियो इंस्टाग्राम पर इन दिनों चल रहे उस 'प्रकरण' को लेकर बनाया था, जिसमें एक अनजान लड़की पहले किसी शख्स के मोबाइल पर मैसेज करके बात करने की इच्छा जाहिर करती है और फिर संबंध बनाने के लिए कहती है। मुकेश खन्ना ने अपने वीडियो में कहा कि आप में से किसी को भी इस तरह के सोशल मीडिया अकाउंट्स के झांसे में नहीं आना चाहिए। इस तरह के अकाउंट्स ने नग्न तस्वीरें भेजकर आपको ब्लैकमेल किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications