आनंद शर्मा ने आजाद से की लंबी बात, आज होने वाली CWC बैठक में उठा सकते हैं मुद्दा
नई दिल्ली, 28 अगस्त। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद से पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने भी गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे पर चिंता जाहिर की है। इस बीच आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि आनंद शर्मा आज की बैठक में गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के मुद्दे को उठा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को आनंद शर्मा और गुलाम नबी आजाद के बीच तकरीबन एक घंटे तक बातचीत हुई है। बता दें कि गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी को 5 पेज का पत्र लिखकर पार्टी से इस्तीफा दिया है। अपने पत्र में गुलाम नबी आजाद ने कई मुद्दों को उठाया है।

कुछ कांग्रेस के नेताओं ने आजाद के इस्तीफे पर सवाल उठाते हुए उन्हें कटघरे में खड़ा किया है। जिस तरह से गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया है उसको लेकर कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं ने गुलाम नबी आजाद को खरी-खोटी भी सुनाई है। वहीं भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओँ ने भी गुलाम नबी आजाद को लेकर कहा है कि उन्होंने कुछ सही सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि गुलाम नबी आजाद ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के पूरे सुझाव वाले ढांचे को ध्वस्त कर दिया है। यही नहीं गुलाम नबी आजाद ने 2014 की हार का ठीकरा भी राहुल गांधी पर फोड़ा है।
कांग्रेस के नेता सचिन पायलट ने कहा कि जब पार्टी भाजपा सरकार के कुशासन को उजागर कर रही थी, उस वक्त गुलाम नबी आजाद अपनी जिम्मेदारी से दूर भाग गए। पिछले 50 सालों में उन्होंने पार्टी के भीतर कई अहम पद संभाले, जब देश को उनकी जरूरत थी, लोगों के मुद्दों को उठाना था तो उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच लिए। बता दें कि आज होने वाली बैठक कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव पर चर्चा होनी है। लेकिन माना जा रहा है कि आज की बैठक में गुलाम नबी आजाद द्वारा पत्र में उठाए गए कुछ मुद्दों पर भी चर्चा की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications