पोस्टरवार- सपा, बसपा, भाजपा की नैय्या डूबी, शीला को बताया 'विकास की देवी'
इलाहाबाद। पहले इलाहाबाद और अब गोरखपुर से कांग्रेस ने पोस्टर्स के जरिए सभी सियासी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक बार फिर से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विवादित पोस्टर जारी किया है।
पोस्टर में दिल्ली की पूर्व सीएम और उत्तर प्रदेश से कांग्रेस की सीएम कैंडिडेट शीला दीक्षित को विकास की देवी बताया गया है। जबकि विपक्षी दलों की पतवार सुनामी में बहते हुए दर्शायी गयी है।
''शीला दीक्षित की सुनामी में, डूब गए जनविरोधी, विकास विरोधी, अहंकारी पानी में''
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर के शास्त्री चौक पर इकट्ठे होकर एक पोस्टर जारी किया। पोस्टर में शीला जहां विकास की देवी के रूप में नजर आयीं, वहीं पोस्टर में श्लोगन लिखा गया कि शीला दीक्षित की सुनामी में, डूब गए जनविरोधी, विकास विरोधी, अहंकारी पानी में।
दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश का भी विकास करेंगी !
पोस्टर के संदर्भ में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनवर हुसैन का कहना है कि वह किसी भी प्रकार के विवाद से नहीं डरते हैं। लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस बार विकास की देवी शीला दीक्षित की सुनामी में देश को पीछे ढकेलने वाले लोग बह जाएंगे और शीला दीक्षित प्रदेश की मुख्यमंत्री बन दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश का भी विकास करेंगी।
एक पोस्टर से सब पर हमला
पोस्टर में सबसे ऊपरी हिस्से में कांग्रेस का श्लोगन 27 साल यूपी बेहाल के जरिए प्रदेश के मौजूदा हालात पर चिंता जताई गई है। जबकि नीचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, सपा प्रमुख मुलायम सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को समुद्र में डूबते हुए दर्शाया गया है। इन सबके इतर प्रधानमंत्री मोदी को हताश दिखाया है।













Click it and Unblock the Notifications