कांग्रेस महिला सांसदों का आरोप-पुरुष मार्शलों ने की अभद्रता, पवार ने कहा-यह लोकतंत्र पर हमला
नई दिल्ली, अगस्त 11: लोकसभा की कार्यवाही बुधवार को अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित हो गई। पेगासस जासूसी मामले और तीन कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदन में जमकर हंगामा किया। सरकार की तरफ से दावा किया गया कि विपक्षी सांसदों ने सदन में मौजूद मार्शलों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। वहीं विपक्षी सांसदों ने सरकार पर विपक्षी सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
Recommended Video

एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि आज (राज्यसभा में) महिला सांसदों पर जिस तरह से हमले हुए हैं, ऐसा अपने 55 साल के संसदीय करियर में कभी नहीं देखा। 40 से अधिक पुरुषों और महिलाओं को बाहर से सदन में लाया गया है। यह दर्दनाक है। यह लोकतंत्र पर हमला है। वहीं कांग्रेस की महिला सांसदों ने सरकार और मार्शल पर अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सांसद छाया वर्मा ने बताया कि, मैं सदन में महिला मार्शल को सरका रही थी, वो वहां से खिसके नहीं, इसके बाद पुरुष मार्शलों ने हम लोगों को धक्का दिया। मैं गिरते-गिरते बची, मेरी साथी सांसद जमीन पर गिर गईं। वहीं दूसरी कांग्रेस राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने बताया कि, मेरे साथ भी मार्शलों ने दुर्व्यहार किया। मार्शल हम लोगों के साथ धक्का मुक्की कर रहे थे। वहीं टीएमसी की भी कई महिला सांसदों ने अपने साथ अभद्रता के आरोप लगाए हैं।
विपक्ष के आरोपों पर संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह सत्य से परे हैं। उन्होंने पलटकर आरोप लगाया कि विपक्षी सदस्यों ने महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्कामुक्की की है। वहीं दूसरी ओर कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से पहले सदन के नेता पीयूष गोयल ने हंगामा करने वाले सांसदों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सदन में महिला स्टाफ का गला घोंटने की कोशिश की गई। स्पेशल कमेटी गठित कर मामले की जांच की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications