खड़गे की 'डिनर मीटिंग' में नहीं पहुंचे उद्धव ठाकरे, दर्जनों विपक्षी पार्टियां थी मौजूद, अब लिया ये नया संकल्प
Mallikarjun Kharge news: कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी पार्टियों को अपने घर एक डिनर मीटिंग के लिए बुलाया था। इस बैठक में कांग्रेस और 17 विपक्षी पार्टियां पहुंची थीं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विनायक दामोदर सावरकर (वीर सावरकर) पर दिए बयान को लेकर विपक्षी पार्टियों में दरार दिखने लगी है। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर हुई विपक्षी पार्टियों की 'डिनर मीटिंग' में उद्धव ठाकरे नहीं पहुंचे, ना ही उनके शिवसेना गुट से कोई नेता पहुंचा। असल में उद्धव ठाकरे वीर सावरकर के खिलाफ दिए गए राहुल गांधी के बयानों से नाराज हैं। उद्धव ठाकरे के बैठक में नहीं पहुंचने के बाद कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियों ने एक 'नया संकल्प' लिया है।
विपक्षी पार्टियों ने फैसला किया है कि वीडी सावरकर जैसे संवेदनशील विषयों पर विपक्षी नेता टिप्पणी करने से दूर रहेंगे। इस बैठक में कांग्रेस और 17 पार्टियां शामिल हुई थीं।
राहुल गांधी के किस बयान से नाराज हैं उद्धव ठाकरे
मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर हुई डिनर मीटिंग में उद्धव ठाकरे की गैर-मौजूदगी की चर्चा खूब हुई। असल में उद्धव ठाकरे राहुल गांधी के उस बयान से नाराज थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि, ''मेरा नाम सावरकर नहीं है। मैं गांधी हूं और गांधी कभी माफी नहीं मांगते हैं।''
राहुल गांधी के इस बयान से उद्धव ठाकरे को गहरा दुख पहुंचा है। उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी को इस बयान के लिए चेताया भी है और कहा है कि वह वीर सावरकर के खिलाफ ऐसे बयानों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। ठाकरे ने कहा था कि राहुल गांधी ने हमारे भगवान समान वीर सावरकर का अपमान किया है।
उद्धव ठाकरे ने कहा था, 'मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि हम एक साथ आए हैं, यह सही है, हम इस देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ आए हैं। लेकिन ऐसा कोई बयान न दें जो विपक्षी पार्टियों में दरार पैदा करे।'
कांग्रेस ने डिनर मीटिंग में क्या कहा?
सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने डिनर मीटिंग के दौरान संकेत दिया था कि वह समान विचारधारा वाले दलों की भावनाओं को ध्यान में रखेगी। सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी भी बैठक में मौजूद थे। राहुल गांधी ने बैठक को संबोधित भी किया था।
कांग्रेस ने बैठक में साफ किया कि वह आगे से इस बात का ध्यान रखेंगे कि किसी नेता के बयानों से किसी भी पार्टी की भावनाओं को ठेस ना पहुंचे।
कांग्रेस के अलावा बैठक में DMK, शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड, तेलंगाना की सत्तारूढ़ भारत रक्षा समिति, RS, CPM, CPI, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी, MDMK, KC, TMC, RSP, RJD, J&K मौजूद थे।









Click it and Unblock the Notifications