'BJP का इंजन फेल, कांग्रेस उसे खींच रहा', वंदे भारत की वायरल वीडियो पर कांग्रेस का तंज
Vande Bharat Engine fail Viral Video: भारत की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। नई टेक्नोलॉजी वाली यह ट्रेन यूपी के इटावा में भरथना रेलवे स्टेशन के पास इंजन की खराबी के चलते करीब 4 घंटे तक बीच रास्ते में खड़ी रही। जिसको बाद में मालगाड़ी के इंजन से खींचकर स्टेशन के पास खड़ा किया गया। अब इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर करारा तंज किया।
जानकारी के अनुसार नई दिल्ली-बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन इटावा रेलवे स्टेशन से सोमवार सुबह 8.50 बजे गुजरी। इसके बाद भरथना पार करते ही आउटर पर ट्रेन का इंजन फेल हो गया और ट्रेन मेन ट्रैक पर बीचों बीच खड़ी हो गई। जिसके बाद मालगाड़ी के इंजन से ट्रेन को खींचने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।

कांग्रेस ने कसा करारा तंज
ऐसे में चलते चलते वंदे भारत के बंद होने की घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है। कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, "BJP का इंजन FAIL हो गया, कांग्रेस का इंजन उसे खींच रहा है।"
सुप्रिया श्रीनेत ने किया कटाक्ष
इसी वीडियो के साथ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी बीजेपी को आड़े हाथो लिया और कटाक्ष करते हुए लिखा कि, "जब जब BJP का इंजन इस देश को गर्त में ले जाएगा, कांग्रेस का इंजन देश को संकट से उबार लाएगा।"
लोग करने लगे पुरानी चीज से तुलना
बता दें कि सोशल मीडिया पर वंदे भारत ट्रेन के इंजन फेल होने की घटना और मालगाड़ी से उसे खींचने को लेकर लोगों ने जमकर अपनी प्रतिक्रिया दी। यूजर्स ने अपने रिएक्शन में कहा कि आखिर पुरानी चीजें दमदार होती है। इसी के साथ कई यूजर ने मोदी और नेहरू के कार्यकाल की भी तुलना करना शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications