'तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ', BJP नेता ने राहुल गांधी को दी धमकी? कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप

बीजेपी नेता द्वारा राहुल गांधी को 'धमकी' देने का एक वीडियो कांग्रेस ने शेयर किया है। इस वीडियो में एक भाजपा नेता कथित तौर पर राहुल गांधी को "धमकी" देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि उनका अंजाम भी उनकी दादी (इंदिरा गांधी) जैसा होगा। इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए कहा कि वो इस "गंभीर मुद्दे" पर चुप नहीं रह सकते।

दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ के सदस्यों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी के खिलाफ उनके 10, जनपथ निवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में उनके समुदाय के बारे में की गई टिप्पणियों पर माफी मांगने की मांग की गई। नारे लगाते हुए और तख्तियां लेकर महिला और पुरुष प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता के निवास की ओर विज्ञान भवन से जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर रोक दिया।

Rahul Gandhi

कांग्रेस नेताओं ने वीडियो शेयर कर खोला मोर्चा

कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें भाजपा नेता तरविंदर सिंह मारवाह कथित तौर पर कह रहे हैं, "राहुल गांधी बाज आ जा नहीं तो आने वाले समय में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ था।"

उन्होंने एक्स पर लिखा, "यहां एक भाजपा नेता खुलेआम श्री राहुल गांधी को धमकी दे रहा है। क्या वह आपकी ओर से यह धमकी दे रहा है पीएम नरेंद्र मोदी (@PMOIndia) और गृह मंत्री अमित शाह (@HMOIndia) ? क्या आप उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे?"

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी वीडियो शेयर किया और कहा कि भाजपा नेता इस देश के विपक्ष के नेता को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह इस पर चुप नहीं रह सकते।

उन्होंने कहा, "हम इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

एआईसीसी सचिव प्रणव झा ने कहा, "यह बहुत गंभीर मामला है। दिल्ली पुलिस को इस बयान का संज्ञान लेना चाहिए।" उन्होंने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा, "भाजपा नेता तरविंदर सिंह मारवाह खुलेआम विपक्ष के नेता की हत्या की धमकी दे रहे हैं ... नरेंद्र मोदी जी, आप अपनी पार्टी के इस नेता की धमकी पर चुप नहीं रह सकते।"

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया वीडियो

पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल से ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "यह भाजपा नेता देश के विपक्ष के नेता को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा है। नरेंद्र मोदी जी, आप अपनी पार्टी के इस नेता की धमकी पर चुप नहीं रह सकते। यह बहुत गंभीर मामला है। यह आपकी पार्टी की नफरत की फैक्ट्री का उत्पाद है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।"

राहुल गांधी ने RSS और BJP पर की थी टिप्पणी

सोमवार को वाशिंगटन डीसी में सैकड़ों भारतीय अमेरिकियों की सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर कुछ धर्मों, भाषाओं और समुदायों को दूसरों से नीचा मानने का आरोप लगाया और कहा कि भारत में लड़ाई इसी बारे में है, राजनीति के बारे में नहीं।

सभा में पगड़ी पहने व्यक्ति का नाम पूछते हुए गांधी ने कहा, "लड़ाई इस बात की है कि क्या एक सिख को भारत में अपनी पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी या कड़ा पहनने की, या वह, एक सिख के रूप में, गुरुद्वारा जा सकेगा। यही लड़ाई है। और यह सिर्फ उसके लिए नहीं, सभी धर्मों के लिए है।"

बीजेपी का राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन

बीजेपी प्रदर्शनकारियों ने गांधी के खिलाफ नारे लगाए, सिखों का "अपमान" करने के लिए उनसे माफी की मांग की और 1984 के देशव्यापी सिख विरोधी दंगों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। दिल्ली बीजेपी के सिख सेल प्रभारी मारवाह ने कहा कि गांधी को अपने परिवार का इतिहास सीखना चाहिए और अपनी दादी और पिता द्वारा सिखों पर किए गए अत्याचारों को स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "किसी अन्य राजनीतिक दल ने सिख समुदाय के साथ कांग्रेस जितना गलत नहीं किया।"

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने आरोप लगाया कि गांधी ने अपने बयान से सिखों का "अपमान" किया है।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, सिख समुदाय प्रगति देख रहा है और समुदाय के सदस्य भारत में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। 1984 का नरसंहार, जिसमें सिखों को पीटा गया और मारा गया, कांग्रेस शासन के दौरान हुआ।"

दिल्ली बीजेपी के सिख सेल संयोजक चरनजीत सिंह लवली ने कहा कि गांधी की "छोटी सोच उनके बयान से स्पष्ट होती है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि भारत में सिख पगड़ियां सुरक्षित नहीं हैं और सिखों को धार्मिक स्वतंत्रता नहीं है।" उन्होंने 1984 दंगों का हवाला देते हुए कहा, "कांग्रेस ऐतिहासिक रूप से वह राजनीतिक दल रही है जिसने सिखों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया।"

ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद हुई थी इंदिरा गांधी की हत्या

बता दें, ऑपरेशन ब्लू स्टार के कुछ समय बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उन्हीं के दो सिख बॉडीगार्ड्स द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे देश में दंगे शुरू हो गए थे जिनमें बड़े स्तर पर सिखों का कत्ल हुआ था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+