राजस्थान में कांग्रेस के लिए जीत का मंत्र साबित होगा कांग्रेस सेवा दल!
नई दिल्ली। राजस्थान के विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। इसके लिए पार्टी की दूसरी इकाई कांग्रेस सेवा दल एक बार फिर से सक्रिय हो गई है और प्रदेश में पार्टी को फिर से खड़ा करने के लिए और नई ऊर्जा भरने में अपनी ताकत झोंक रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस सेवा दल आगामी राजस्थान चुनाव में काफी अहम और सक्रिय भूमिका निभा सकता है। इस बात खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस सेवा दल के सदस्यों से कहा है कि वह चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएं।

जीत में मददगार साबित होगा
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने उन सीटों की जिम्मेदारी सेवा दल को दे सकता है जिनपर पार्टी लगातार चुनाव हारती आ रही है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस इस बाबत अपनी रणनीति तैयार कर रही है और इन तमाम सीटों की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवा दल को दी जाएगी। पार्टी की ओर से पहले ही कई ऐसी विधानसभा सीटों की पहचान की जा चुकी है जिन सीटों पर कांग्रेस सेवा दल अपनी पूरी सेवाएं देगा और पार्टी को यहां जीतने में मदद करेगा।

कई सुझाव मांगे गए
कांग्रेस सेवा दल इन तमाम सीटों के आंकड़े हासिल करने में जुटा है। पार्टी इन सीटों पर जातीय समीकरण, मतदाताओं का रुख और स्थानी मुद्दों को समझने की पूरी कोशिश कर रही है। इसके लिए कांग्रेस सेवा दल को यह जिम्मेदारी दी गई है। सेवा दल से यह भी कहा गया है कि वह इन सीटों पर किसे उम्मीदवार बनाया जाए इसका भी सुझाव दे। जिन सीटों पर सेवा दल ने काम करना शुरू कर दिया है उसमे से कुछ अहम सीटें संगानेर, विद्याधर नगर, आदर्श नगर, किशनपोल विधानसभा सीट जयपुर में अहम हैं। कार्यकर्ता यहां लोगों के घर-घर जा रहे हैं और अपील कर रहे हैं कि वह कांग्रेस उम्मीदवार को अपना समर्थन दें।

आसान नहीं है चुनौती
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के संसदीय क्षेत्र झलरपतन, बूंदी, लाडपुरा, भीम, लोहावट, मारवाड़, सहित कई ऐसी विधानसभा सीटें हैं जिनकी जिम्मेदारी सेवा दल को दी गई है कि वह यहां पर पार्टी की संभावनाओं के बारे में आला कमान को जानकारी दे। प्रदेश की कुल 200 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर सेवा दल को इस बात की जिम्मेदारी दी गई है कि वह यहां पर पार्टी के लिए काम करें। दरअसल पिछले काफी समय से कांग्रेस सेवा दल निष्क्रिय था, ऐसे में एक बार फिर से पार्टी इसे सक्रिय करना चाहती है और इसमे नई ऊर्जा का संचार करना चाहती है। लिहाजा राजस्थान विधानसभा चुनाव कांग्रेस सेवा दल के लिए भी एक बड़ी चुनौती है।
इसे भी पढ़ें- राजस्थान चुनाव से पहले समर्थकों को एकजुट करने में जुटा डेरा सच्चा सौदा












Click it and Unblock the Notifications