पालघर लिंचिंग: कांग्रेस का आरोप- साधुओं की हत्या में शामिल दो आरोपियों का संबंध BJP से
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पालघर जिले में भीड़ के द्वारा दो साधुओं समेत तीन लोगों की पीट-पीट कर हत्या किये जाने के मामले कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि, पालघऱ में हुई लिंचिंग में गिरफ्तार किए गए लोगों में दो बीजेपी के भी नेता शामिल हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, बीजेपी ने इस आरोप को खारिज कर दिया।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने आरोप लगाया कि ईश्वर निकुले और भाऊ साठे को आरोपी संख्या क्रमश: 61 और 65 के रूप में नामजद किया गया है। वे दोनों पालघर जिले में भाजपा की दहानु मंडल इकाई के पदाधिकारी हैं। सावंत ने कहा कि भाजपा को अपने पदाधिकारियों के खिलाफ अवश्य ही कार्रवाई करनी चाहिए, जो दो साधुओं और उनके चालक की हत्या के आरोपी हैं। साथ ही, केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार को भीड़ हिंसा पर रोक लगाने के लिये एक कानून बनाना चाहिए।
सचिन सावंत ने कहा कि, ईश्वरनिकुले को भाजपा दहानु मंडल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर गादचिंकल गांव के बूथ स्तरीय पदाधिकारी के तौर पर देखा जा सकता है। इसी गांव में बच्चा चोर होने के संदेह में भीड़ ने गुरुवार रात दो साधुओं सहित तीन लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। वहीं साठे भी इसी गांव के भाजपा के बूथ स्तरीय पदाधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती देवेंद्र फडणवीस सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिये भाजपा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ली गई कई तस्वीरों में से एक में निकुले भी दिख रहा है।
सावंत ने कहा कि ग्राम पंचायत सरपंच चित्रा चौधरी को भी तस्वीरों में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 10 साल से इस ग्राम पंचायत में सत्तारूढ़ है। सांवत ने कहा कि चौधरी के अलावा, स्थानीय भाजपा मंडल प्रमुख संगीता कोटेला और दहानु पंचायत समिति प्रमुख रमा ठाकरे भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की महाराष्ट्र विकास आघाडी सरकार भीड़ हिंसा की इस घटना में संलिप्त लोगों को अदालत के कठघरे में ले जाएगी। वहीं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कांग्रेस के आरोप को खारिज करते हुए कहा, कांग्रेस द्वारा उल्लेख किये गये दोनों लोग भाजपा कार्यकर्ता नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications