पार्टी को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस ने 4 राज्यों में शुरू किए बदलाव
नई दिल्ली। कांग्रेस में जारी अंर्तकलह के बीच नए कांग्रेस अध्यक्ष को बनाने की तैयारी हो रही है। अगले साल कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी को बेहतर स्थिति में लाने के लिए कांग्रेस कई बड़े बदलाव कर रही है। इसी क्रम में पार्टी चार राज्यों- तेलंगाना, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बदलाव करने जा रही है। इसी को देखते हुए तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनावों में पार्टी की हार और खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी उप चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, जो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं और जिन्होंने पार्टी के 23 असंतुष्ट नेताओं के साथ शीर्ष नेतृत्व की बैठक कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उन पर भी पद छोड़ने का दबाव बनाया गया है।
शनिवार को कांग्रेस ने मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी में भी बदलाव किया है। करीब डेढ़ साल बाद अशोक अर्जुन राव जगताप को कांग्रेस की मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बालासाहेब थोराट की अगुवाई में मुंबई कांग्रेस के लिए स्क्रीनिंग एवं रणनीति समिति भी बनाई गई है। बालासाहब थोराट फिलहाल महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं।
कब होगा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव?
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाल के मुताबिक पार्टी जल्द ही एक नए अध्यक्ष का चुनाव करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। इस चुनावी प्रक्रिया में AICC, कांग्रेस के इलेक्टोरल कॉलेज, सदस्य और कार्यकर्ता शामिल होंगे। अभी पार्टी के 99.9% सदस्य राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को अध्यक्ष के रूप में देखना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने चुनाव की तारीखों को लेकर कुछ नहीं कहा। उम्मीद जताई जा रही है कि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु के चुनावों से पहले कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
अमित शाह का बड़ा ऐलान, अगर जीती बीजेपी तो बंगाल की मिट्टी से होगा अगला CM