झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणापत्र
नई दिल्ली। झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तमाम सियासी दलों ने अपनी कमर कस ली है। आगामी चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है।अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आई तो पुलिस भर्ती में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यही नहीं रिक्त पड़े सरकारी पदों को 6 महीने के भीतर भरा जाएगा। पार्टी की ओर से वादा किया गया है कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि अगर गठबंधन की सरकार बनी तो जबतक हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी नहीं मिल जाती है उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। यही नहीं अगर परिवार में पहले से ही कोई नौकरी करता है तो उन्हें भी भत्ता दिया जाएगा।बता दें कि प्रदेश में झामुमो को 43, कांग्रेस को 31 और राजद को 7 सीटें दी गई हैं। घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि अकेले सफर करने वाली महिलाओं को बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाएगा। लघु वन उपज के लिए अलग से कानून बनेगा। साथ ही रांची में मेट्रो ट्रेन लाने का वादा किया गया है। यही नहीं जिन परिवारों की आय 10 हजार से कम है उन्हें साइकिल मुफ्त में दी जाएगी। भीड की हिंसा के खिलाफ सख्त कानून लाने का वादा किया गया है।
बता दें कि झारखंड में 30 नवंबर को चुनाव होना है। ऐसे में मतदान में अब महज कुछ ही दिन बचे हैं। इससे पहले लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। राजद ने अपने घोषणा पत्र में गरीबी को खत्म करने, बेरोजगारी को हटाने का वादा किया है।












Click it and Unblock the Notifications