राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
नई दिल्ली। आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी करके इस बाबत जानकारी दी गई है। लिस्ट में कुल 9 लोगों के नाम हैं। जिसमे वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का भी नाम शामिल है। दिग्विजय सिंह को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है उनके अलावा फूल सिंह बरैया को भी मध्य प्रदेश से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं छत्तीसगढ़ से केटीएस तुलसी, फूले देवी नेतम, झारखंड से शहजादा अनवर, महाराष्ट्र से राजीव सातव, मेघालय से केनेडी कॉर्नेलियस, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं पार्टी की ओर से एक और लिस्ट जारी की गई जिसमे गुजरात से से शक्तिसिंह गोहिल, भरतसिंह सोलंकी और हरियाणा से दीपेंद्र सिंह हुड्डा की उम्मीदवारी का ऐलान किया गया। बता दें कि राज्यसभा का चुनाव 26 मार्च को होना है।

दिग्विजय सिंह ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस में चल रही खींचतान पर सिंह ने कहा कि ये उनकी पार्टी का अंदरुनी मामला है। एक दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिय को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमने उनको राज्यसभा भेजने की बात कही थी लेकिन वो गोडसे को मानने वालों के साथ चले गए। राज्यसभा नामांकन भरने से पहले पीसीसी दफ्तर में दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये लड़ाई नेहरू-गांधी और गोडसे की विचारधारा की लड़ाई है। इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गोडसे को चुना। इस बात का हमें दुख है।
बता दें कि बुधवार को राज्यसभा के लिए तमाम उम्मीदवारों के नाम की घोषणा भारतीय जनता पार्टी की ओर से कर दी गई। इस लिस्ट में भाजपा ने असम से भुवनेश्वर कालीता, बिहार से विवेक ठाकुर, गुजरात से अभय भारद्वाज, गुजरात से रमीलाबेन बारा, झारखंड से दीपक प्रकाश, मणिपुर से लिएसेंबा महाराजा, मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से उदयना राजे भोंसले, राजस्थान से राजेंद्र गहलोत के नाम का ऐलान किया। जबकि महाराष्ट्र और असम की 1-1 सीट को अपने सहयोगी दलों को देने का फैसला लिया। पार्टी ने महाराष्ट्र से रामदास अठावले, असम से बुस्वजीत डाइमरी के नाम का ऐलान किया गया।












Click it and Unblock the Notifications