जानिए, महाराष्ट्र में कांग्रेस के ये बड़े नेता क्यों कर रहे हैं बीजेपी के लिए प्रचार?
नई दिल्ली- महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेसी राधाकृष्ण विखे पाटिल के चलते पार्टी को राज्य में भारी फजीहत झेलनी पड़ सकती है। दरअसल, पाटिल अपने बेटे सुजय के लिए चुनाव में समर्थन जुटाने के मकसद से कैंपेन में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि उनके बेटे सुजय विखे पाटिल हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे और मौजूदा लोकसभा चुनाव में वे अहमदनगर सीट से पार्टी के उम्मीदवार हैं।

जब सुजय बीजेपी में शामिल हुए थे, तब चर्चा राधाकृष्ण विखे पाटिल के भी पाला बदलने की थी, लेकिन उन्होंने कांग्रेस नहीं छोड़ी। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक अब सीनियर पाटिल अहमदनगर के ग्रामीण इलाकों में अपने बेटे के लिए वोट मांग रहे हैं। अहमदनगर सिटी से घंटे भर की दूरी पर राहौरी कस्बे में उन्होंने एक निजी बंगले में तकरीबन सौ से ज्यादा किसानों की एक सभा को भी संबोधित किया है। जब लोगों को मीडिया की मौजूदगी का पता चला तो उसे विडियो बनाने से रोका गया। सीनियर पाटिल ने मीडिया से कहा कि वह अपने निजी हैसियत से ये सभा कर रहे हैं और हाई कमांड को इसकी सूचना दे दी गई है। हालांकि, उन्होंने अपने बारे में कहा कि वे अभी भी कांग्रेस में ही बने हुए हैं।
अपने छोटे से भाषण में उन्होंने एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार पर जमकर निशाना साधा, जिनके साथ राज्य में कांग्रेस का गठबंधन है। पाटिल का आरोप है कि पवार के चलते ही सुजय को यह सीट नहीं मिली और यह एनसीपी के खाते में चली गई। हालांकि, स्थानीय लोग बताते हैं कि पाटिल और पवार में एक पुरानी राजनीतिक रंजिश है। इस इलाके में विखे पाटिल के परिवार के पास कई चीनी मिले हैं और उनके परिवार का इलाके में काफी रसूख है।












Click it and Unblock the Notifications