एम्स पहुंचकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह से राहुल गांधी ने की मुलाकात, डॉक्टर से लिया हेल्थ अपडेट
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर: पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। पूर्व पीएम को बुखार के बाद आई कमजोरी की शिकायत की वजह से बुधवार को अस्पताल भर्ती कराया गया था। एम्स अस्पताल के एक डॉक्टर के मुताबिक उनकी हालत स्थिर हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को एम्स अस्पताल पहुंचकर मनमोहन सिंह की सेहत के बारे में जानकारी ली।
Recommended Video
राहुल गांधी ने डॉक्टर्स से भी की बात
दरअसल, 89 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री को कमजोरी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सूत्रों से मिली खबर के अनुसार राहुल गांधी ने पूर्व पीएम का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत की और उनकी सेहत से जुड़ी सारी जानकारी प्राप्त की।
कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती पूर्व पीएम
वहीं इससे पहले मनमोहन सिंह को लेकर एम्स के डॉक्टर ने बताया कि था कि उनको कार्डियो-न्यूरो सेंटर के प्राइवेट वार्ड में बुधवार को एडमिट कराया गया था, जहां डॉक्टर नीतीश नाइक के नेतृत्व में हार्ट स्पेशलिस्ट टीम की देख-रेख में रखा गया हैं। बताया जा रहा है कि मनमोहन सिंह को सांस लेने में तकलीफ और लगातार चेस्ट कंजेशन की शिकायत थी।
मोदी ने की जल्द स्वास्थ्य होने की कामना
आपको बता दें कि सोमवार को मनमोहन सिंह को बुखार आया था, जिसके बाद वो बुखार से रिकवर तो हो गए लेकिन शरीर में कमजोरी महसूस होने लगी थी, फिलहाल अभी पूर्व पीएम सिर्फ लिक्विड डाइट ही ले पा रहे हैं। वहीं पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर पूर्व पीएम के जल्द स्वास्थ्य होने की कामना की हैं। वहीं खुद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी मनमोहन सिंह से मिलने और उनका हाल चाल जानने के लिए एम्स गए थे।












Click it and Unblock the Notifications