राहुल ने ट्वीट कर रक्षामंत्री से पूछा, 'क्या राफेल पर मोदी की 'गलतियां' सुधारने फ्रांस जा रहीं हैं'
नई दिल्ली। राफेल डील को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण आज रात फ्रांस रवाना हो रही हैं। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर रक्षामंत्री पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर रक्षामंत्री पर आरोप लगाया कि, पीएम के फैसले को न्यायसंगत बनाने के लिए रक्षा मंत्री आज रात फ्रांस के लिए जा रहीं है। बता दें कि राहुल गांधी राजस्थान औऱ मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान लगातार जनता के बीच राफेल डील का मुद्दा उठाकर पीएम मोदी को घेर रहे हैं।

बुधवार को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा राफेल खरीद प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी मांगने वाली एनडीटीवी की खबर को शेयर करते हुए लिखा कि, सुप्रीम कोर्ट ने राफेल के निर्णय लेने की प्रक्रिया के बारे में पूछा है। यह वास्तव में बहुत सरल है। पीएम ने फैसला किया। उनके फैसले को न्यायसंगत बनाने की प्रक्रिया का आविष्कार अभी होना है, लेकिन काम शुरू हो गया है। इस संबंध में, रक्षा मंत्री आज रात फ्रांस के लिए जा रहीं है।
बुधवार को बीकानेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी का नाम लेते हुए कहा कि वह इस देश को नहीं चलाते हैं। इस देश को युवा, किसान, महिलाएं, मजदूर, छोटे दुकानदार चलाते हैं। उन्होंने कहा, मोदी जी ने कहा था चौकीदार बनाओ, प्रधानमंत्री मत बनाओ। चौकीदार ने जनता के 30 हजार करोड़ रुपये छीन कर अंबानी की जेब में डाल दिया। मोदी जी फ्रांस जाते हैं और उनके प्रतिनिधिमंडल में अनिल अंबानी जाते हैं।
उन्होंने कहा कि, अनिल अंबानी ने जिंदगी में कभी हवाई जहाज नहीं बनाया। उनके ऊपर 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है, जो वह बैंको को वापस नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राफेल डील में यूपीए सरकार ने सरकारी कंपनी एचएएल को जो ठेका दिया था, उसे अनिल अंबानी की कंपनी को दे दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी कंपनी को ठेका मिलने से हजारों युवाओं को रोजगार मिलता।












Click it and Unblock the Notifications