विरासत टैक्स वाले बयान पर बवाल, सैम पित्रोदा के बचाव में उतरी कांग्रेस, जानें आखिर क्यों मच रहा हंगामा?
Sam Pitroda Inheritance Tax: लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) में इस बार संपत्ति बंटवारे का मुद्दा जमकर उछल रहा है। मंगलसूत्र और संपत्ति को लेकर जारी वार-पलटवार के बीच अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) की टिप्पणी ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया, जिस पर भाजपा लगातार हमलावर है। वहीं अब कांग्रेस पार्टी सैम पित्रोदा के बचाव में उतर आई है।
दरअसल, देश में जारी सियासी गर्मी के बीच सैम पित्रोदा का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अमेरिका के विरासत टैक्स (Inheritance Tax) का जिक्र किया। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने उन्हें घेरते हुए कांग्रेस पर देश को बर्बाद करने का आरोप लगाया। हालांकि कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किनारा करते हुए बयान को निजी बताते हुए पल्ला झाड़ लिया है।

खड़गे ने किया पार्टी का बचाव
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल के तिरुवनंतपुरम में मीडिया से बात करते हुए इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सैम पित्रोदा के बयान पर खड़गे ने कहा कि हमारे देश में संविधान है। हमारी ऐसी कोई मंशा नहीं है। बीजेपी सिर्फ वोट के लिए ऐसा कर रही है। आप उनके विचार हमारे मुंह में क्यों डाल रहे हैं? सिर्फ वोट के लिए वह सब ये खेल खेल रहे हैं।"
जयराम रमेश ने पेश की सफाई
वहीं कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने स्पष्टीकरण देते हुए ट्वीट में कहा, "सैम पित्रोदा मेरे सहित दुनिया भर में कई लोगों के लिए एक गुरु, मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक रहे हैं। पित्रोदा उन मुद्दों पर स्वतंत्र रूप से अपनी राय व्यक्त करते हैं, जिनके बारे में वे दृढ़ता से महसूस करते हैं। निश्चित रूप से, लोकतंत्र में एक व्यक्ति अपने व्यक्तिगत विचारों पर चर्चा करने, व्यक्त करने और बहस करने के लिए स्वतंत्र है।"
उन्होंने आगे कहा कि, "इसका मतलब यह नहीं है कि पित्रोदा के विचार हमेशा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थिति को दर्शाते हैं। कई बार वे ऐसा नहीं करते। अब उनकी टिप्पणियों को सनसनीखेज बनाना और उन्हें संदर्भ से बाहर करना नरेंद्र मोदी के दुर्भावनापूर्ण और शरारती चुनाव अभियान से ध्यान हटाने का हताश प्रयास है; वह केवल झूठ पर आधारित है।"
विरासत टैक्स का जिक्र करके फंसी कांग्रेस
दरअसल, देश में नई बहस को छेड़ते हुए सैम पित्रोदा ने कहा था कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है जो काफी दिलचस्प कानून है। भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि इस पर चर्चा होनी चाहिए।
बता दें कि जिस कानून का सैम ने जिक्र किया है, उसके अनुसार अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। ऐसे में यदि किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और जब उसकी मौत हो जाती है तो उसके परिवार यानी बच्चों को सिर्फ 45 प्रतिशत हिस्सा ही ट्रांसफर किया जा सकता है। बचा 55 फीसदी सरकार द्वारा ले लिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications