'पहले चुनाव जीत लेते हैं, फिर सोचते हैं कौन पीएम बनेगा', विपक्ष के पीएम फेस पर खड़गे को फारूक की सलाह
चेन्नई में डीएमके के कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि सभी समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों को विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एक साथ आना चाहिए।

Congress President Mallikarjun Kharge: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के 70वें जन्मदिन की जनसभा में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई पहुंचे हैं, जहां उन्होंने मंच से कहा कि सभी समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों को विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एक साथ आना चाहिए। मैंने कभी नहीं कहा कि कौन नेतृत्व करेगा या कौन पीएम बनेगा? यह सवाल नहीं है। हम एकजुट होकर लड़ना चाहते हैं, यही हमारी इच्छा है। हालांकि उनके इस सुझाव पर बाद में फारूक अब्दुल्ला ने एक सलाह दे डाली।
'2024 लोकसभा के लिए मजबूत बनना होगा'
खड़गे ने मंच से कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने 2004, 2009 में लोकसभा और 2006 और 2021 में विधानसभा जीत का नेतृत्व किया। हमें यूएपीए गठबंधन के लिए 2024 की लोकसभा जीत के लिए अपने गठबंधन और नेतृत्व की नींव को मजबूत करना जारी रखना चाहिए।
'BJP सरकार विफल'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा सरकार की विफलता के कारण 23 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से नीचे धकेल दिए गए हैं। आम आदमी महंगाई से परेशान है, युवा बेरोजगारी से प्रभावित है, लेकिन बीजेपी चुनाव जीतने के लिए समाज के ध्रुवीकरण में दिलचस्पी रखती है।
फारूक अब्दुल्ला ने कही ये बात
वहीं इससे पहले चेन्नई में DMK के कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि, "मुझे आशा है कि आप (एमके स्टालिन) न केवल तमिलनाडु की सेवा करने के लिए बल्कि पूरे भारत की सेवा करने के लिए लंबे समय तक जीवित रहेंगे। स्टालिन यह समय है, राष्ट्रीय परिदृश्य पर आएं और राष्ट्र का निर्माण करें क्योंकि आपने इस राज्य का निर्माण किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे जी से, मैं कहूंगा, भूल जाओ कौन पीएम बनने जा रहा है। पहले चुनाव जीत लेते हैं, फिर सोचते हैं कौन पीएम बनेगा। पीएम मायने नहीं रखता, देश मायने रखता है। भारत एक कठिन स्थिति में है। लोकतंत्र व संविधान को खतरे में डाला जा रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications