कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में आधिकारिक रूप से शामिल हुए दिग्विजय सिंह, हेडक्वार्टर जाकर लिया नामांकन पत्र
नई दिल्ली, 29 सितंबर: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन जब से राजस्थान कांग्रेस में बगावत हुई, तब से नए नामों पर चर्चा भी शुरू हो गई। कई दिनों से ये खबर आ रही थी कि दिग्विजय सिंह भी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं, जिस पर गुरुवार को मुहर लग गई। वो गुरुवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और वहां से अपना नामांकन पत्र लिया। शुक्रवार को नामांकन की आखिरी तारीख है, ऐसे में वो कल अपना पर्चा दाखिल कर सकते हैं।

मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय ने कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म लेने आया था। संभवत: कल इसे भरूंगा। वहीं जब मीडिया वालों ने पूछा कि क्या इस बार कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय होगा? तो इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि नामांकन वापस लेने की तारीख 4 अक्टूबर तक इंतजार करिए, इसके बाद सब कुछ साफ हो जाएगा। दिग्विजय से पहले शशि थरूर ने नामांकन पत्र लिया था। कांग्रेस चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की आखिरी तारीख 30 सितंबर है, जबकि 17 अक्टूबर को चुनाव होगा।
'भारत जोड़ो यात्रा' बीच में छोड़कर लौटे
आपको बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' जारी है। जिसमें दिग्विजय सिंह भी कई दिनों से शामिल थे, लेकिन बुधवार को अचानक वो यात्रा बीच में छोड़कर दिल्ली चले आए। इसके बाद उन्होंने कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उसी वक्त ये साफ हो गया था कि वो कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे।
गांधी परिवार के करीबी हैं दिग्विजय
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक सबसे पहले गांधी परिवार अशोक गहलोत को अध्यक्ष के रूप में देखना चाहता था, लेकिन राजस्थान में जो कुछ भी हुआ उससे हाईकमान नाराज हो गया। इसके बाद दिग्विजय सिंह का नाम सामने आया। वो दशकों से गांधी परिवार के वफदार हैं। मुश्किल वक्त में भी उन्होंने राहुल और सोनिया गांधी को नहीं छोड़ा। कहा जा रहा कि कांग्रेस ने राहुल गांधी को आगे बढ़ाने के लिए जो भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, उसकी भी स्क्रिप्ट दिग्विजय ने लिखी थी।












Click it and Unblock the Notifications