दिल्ली में कांग्रेस की सहयोगी को इन 3 सीटों पर मिले NOTA से भी कम वोट
नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल 4 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, लेकिन किसी भी सीट पर उसके उम्मीदवारों की जमानत भी नहीं बची। सबसे बड़ी बात तो ये है कि इन चार में से तीन सीटों पर राजद के उम्मीदवारों को नोटा से भी काफी कम वोट मिले हैं।

Recommended Video
दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवारों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। ये सीटें हैं किराड़ी, उत्तम नगर और पालम। सिर्फ बुराड़ी सीट पर ही राजद प्रत्याशी नोटा से ज्यादा वोट ले पाया है। मसलन, किराड़ी में राजद उम्मीदवार मोहम्मद रियाजुद्दीन खान को सिर्फ 255 वोट मिले हैं, जबकि उस सीट पर नोटा (NOTA) को 1,068 वोट मिले हैं। इसी तरह उत्तम नगर सीट पर पार्टी प्रत्याशी शक्ति कुमार बिश्नोई को 340 वोट मिले हैं और वहां नोटा के खाते में 758 वोट गए हैं। बात पालम की करें तो यहां उसके उम्मीदवार निर्मल कुमार सिंह को 486 वोट मिले, वहीं नोटा पर 737 वोट पड़े।
इस तरह से दिल्ली में आरजेडी के चारों उम्मीदवारों के कुल वोट को मिला दें तो बुराड़ी में उसके उम्मीदवार प्रमोद त्यागी को मिले 2,045 वोट जोड़ने के बाद भी यह आंकड़ा सिर्फ 3,126 वोटों तक ही पहुंचता है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस और आरजेडी के बीच गठबंधन हुआ था, जिसके तहत कांग्रेस 66 और आरजेडी 4 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। बता दें कि दोनों दलों का बिहार और झारखंड में पहले से ही गठबंधन है और इस बार दिल्ली में भी दोनों ने साथ चुनाव लड़ने का प्रयोग किया है।












Click it and Unblock the Notifications