'BJP बेरोजगारी-महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए 'पठान' पर विवाद कर रही', राजस्थान कांग्रेस ने साधा निशाना
देशभर में इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म पठान को लेकर विवाद और विरोध प्रदर्शन जारी है।

Rajasthan Congress on Pathan Controversy: राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बेरोजगारी और महंगाई जैसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म 'पठान' को लेकर बिना बात के विवाद खड़ा कर रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, "भाजपा सरकार फिल्म पठान से संबंधित अप्रासंगिक मुद्दों को उठाकर बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।"
'मोदी सरकार से 100 गुना बेहतर है गहलोत सरकार का प्रदर्शन'
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के सरकारी आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं। प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, ''अशोक गहलोत सरकार के चार साल की तुलना केंद्र में आठ साल के मोदी शासन से की जानी चाहिए। महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में गहलोत सरकार ने मोदी सरकार से 100 गुना बेहतर प्रदर्शन किया है।"
प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सबसे पहले उठाया सवाल
बता दें कि जब से फिल्म पठान का पहला गाना 'बेशर्म रंग' सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया है, तब से कई मंत्रियों ने गाने में आपत्तिजनक दृश्यों के खिलाफ आवाज उठाई है। देश के हिंदू संगठन को दीपिका पादुकोण के गाने में भगवा रंग की बिकिनी पहनने से दिक्कत है।
इस मामले पर सबसे पहले मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आपत्ति जताई थी। नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि फिल्म से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने एक अल्टीमेटम दिया था। मिश्रा ने मांग की है कि फिल्म के निर्माता या तो 'बेशर्म रंग' गाने से 'आपत्तिजनक' दृश्यों को हटा दें या मध्य प्रदेश में कानून का सामना करें। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह गाने में दीपिका के 'भगवा' पहनावे से परेशान हैं। दिलचस्प बात यह है कि मंत्री के साथ इस मुद्दे में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायक और विपक्ष के नेता डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि गाने में महिलाओं को लेकर सिर्फ अश्लीलता दिखाई गई है।
एमपी के मंत्री द्वारा जारी धमकी के तुरंत बाद इंदौर में शाहरुख खान का पुतला फूंका गया था। उसके बाद उत्तर प्रदेश के आगरा और मेरठ में भी फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं। आगरा में हिंदू संगठन ने धमकी दी है कि अगर फिल्म को सिनेमाहॉल में रिलीज किया गया तो पूरा थिएटर जला देंगे।
गाने के रिलीज के बाद ट्रेंड हुआ #BoycottPathaan
'बेशर्म रंग' गाने के रिलीज होने के दो से तीन दिनों के भीतर, ट्विटर पर #BoycottPathaan ट्रेंड करने लगा। इस ट्रेंड के साथ जहां कई लोगों ने फिल्म को वेस्टर्न कल्चर पर बेस्ड बताया तो वहीं कईयों ने दीपिका के गाने में भगवा रंग के कपड़ों पर आपत्ति जताई।
हाल ही में रिलीज हुआ गाना 'बेशर्म रंग' का वीडियो शाहरुख-दीपिका की केमिस्ट्री के लिए सुर्खियां बटोर रहा है। शिल्पा राव द्वारा गाए गए इस गाने ने रिलीज होने के कुछ दिनों के भीतर YouTube पर 30 मिलियन से अधिक बार देखा गया है।। पठान जनवरी 2023 में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications