राहुल गांधी होंगे लोकसभा में विपक्ष के नेता, INDIA गठबंधन की बैठक में बड़ा फैसला
Rahul Gandhi Appointed LoP In Lok Sabha: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता होंगे, जिसका फैसला मंगलवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में किया गया है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने घोषणा करते हुए बताया कि राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्षी दल का नेता नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सीपीपी अध्यक्ष ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को पत्र लिखकर राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में नियुक्त करने के फैसले की जानकारी दी गई है।

प्रोटेम स्पीकर को लिखा पत्र
दरअसल, मंगलवार (25 जून) को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर विपक्ष के इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक की गई, जिसमें राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाने को लेकर फैसला किया गया है। साथ ही नेता विपक्ष के लिए प्रोटेम स्पीकर को पत्र भी लिखा गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "18वीं लोकसभा में, लोगों का सदन सही मायने में अंतिम व्यक्ति की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करेगा, जिसमें राहुल गांधी उनकी आवाज बनेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मुझे विश्वास है कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक और मणिपुर से महाराष्ट्र तक, देश के कोने-कोने में यात्रा करने वाला एक नेता खासकर वंचितों और गरीब लोगों की आवाज उठाएगा।"
राहुल गांधी को लेकर उठ रही थी मांग
बता दें कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही पार्टी नेताओ ने राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने की मांग उठाई थी। इसी के साथ कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी सर्वसम्मति से राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने की मांग दोहराई गई थी। साथ ही प्रस्ताव भी पारित किया गया था।
CWC की मीटिंग में प्रस्ताव किया था पारित
ऐसे में अब नेताओं और गठबंधन की पार्टियों का सम्मान करते हुए राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है। वहीं इससे पहले नेता प्रतिपक्ष के लिए अपने नाम का प्रस्ताव पारित होने पर राहुल गांधी ने इस बारे में सोचने के लिए कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों से समय मांगा था।
सांसद पद की ली शपथ
इससे पहले मंगलवार को दिन में राहुल गांधी ने रायबरेली से सांसद के रूप में पद की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने संविधान को हाथ में रखकर शपथ ग्रहण की। साथ ही अंत में उन्होंने जय हिंद और जय संविधान के साथ अपनी शपथ पूरी की थी।












Click it and Unblock the Notifications