353 करोड़, किसका है सारा पैसा? छापेमारी के 10 दिन बाद कांग्रेस MP धीरज साहू ने दी सफाई, कहा- शर्म आ रही है...
Dhiraj Sahu news: झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े ठिकानों पर 6 दिसंबर को इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की थी। ये छापेमारी अब शुक्रवार को खत्म हुई है। छापेमारी में अब तक 353 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। छापेमारी के 10 दिनों बाद पहली बार कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू ने सफाई दी और बताया है कि ये पैसा किसका और कहां से उनके परिसरों में 350 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश आए?
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए धीरज साहू ने बताया है कि आखिर ये पैसा किसका था? ये कैश कहां से आया? क्या ये काला धन था? क्या इस पैसे का कांग्रेस से कोई लेना देना है? तो आइए जानें उन्होंने क्या कहा है?

- धीरज साहू ने कहा कि पैसे का कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। इन पैसों का कांग्रेस से किसी तरह का कोई लिंक नहीं है।
- धीरज साहू ने कहा, ''...आज जो हो रहा है वह मुझे दुखी करता है। मैं स्वीकार कर सकता हूं कि जो पैसा बरामद किया गया है वह मेरी फर्म का है... जो नकदी बरामद की गई है वह मेरी शराब फर्मों से संबंधित है, यह शराब की बिक्री से हुई कार्यवाही है... इस पैसे का कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक से कोई लेना-देना नहीं है।''
- धीरज साहू ने कहा कि जब्त की गई सारी नकदी उनकी खुद की नहीं है। बल्कि उसके परिवार और अन्य संबंधित कंपनियों की है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो दावा किया जा रहा है, वो सच नहीं है।
- धीरज साहू ने कहा, ''सारा पैसा मेरा नहीं है, यह मेरे परिवार और अन्य संबंधित फर्मों का है... ।आयकर ने अब छापा मारा है, मैं हर चीज का हिसाब दूंगा..।''
- क्या ये पैसा काला धन है? इसपर धीरज साहू ने कहा, 'हमारे जितने भी बिजनेस हैं, वे हमारे परिवार के लोगों के नाम से हैं। वो लोग (भाजपा) कैसे इसे काला धन कह रहे हैं, ये तो इनकम टैक्स विभाग ही बता सकेगी। इनकम टैक्स का जवाब आने दीजिए, आपको पता चल जाएगा, काला धन है या सफेद।'
- धीरज साहू ने कहा है कि, ''मैं बिजनेस में नहीं हूं...मेरे परिवार वाले इसका सही से जवाब देंगे। मैं राजनीति में 30-35 साल से हूं और बिजनेस से दूर हूं। मेरे ऊपर ये पहला विवाद सामने आया है। मेरा परिवार बहुत बड़ा है। मेरे परिवार का बैकग्राउंड बहुत बड़ा है। मेरे बड़े भाई शिव प्रसाद साहू दो बार रांची से सांसद रहे हैं। हमने काफी विकास का काम किया है। मेरे पिता भी समाज सेवी हैं।''
- कहां से आया ये पैसा? धीरज साहू ने कहा, 'मैं दावे के साथ कह सकता हूं जो पैसा मिला है, वो मेरे फर्म का पैसा है। हम शराब के कारोबार में, 100 साल से भी ज्यादा वक्त से हैं। इन सालों में हमने सरकार के लिए काफी कुछ किया है और सरकार को रेवेन्यू दिया है। लेकिन अब ऐसा हो गया था कि मैं दिल्ली में रहकर भी मीडिया वालों के सामने नहीं आ पा रहा था...क्योंकि मुझे आप लोगों के सामने आने में शर्म महसूस हो रही थी। मैं राजनीति छोड़कर बिजनेस में ज्यादा ध्यान नहीं देता। बिजनेस मेरे परिवार वाले करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications