कर्नाटक चुनाव में सभी उम्मीदवारों का चयन सिद्धारमैया करेंगे, आला कमान ने दिया अधिकार
नई दिल्ली। कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने इस बार उम्मीदवारों के चयन का पूरा जिम्मा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को दे दिया है। इस बार कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों का चयन कर्नाटक की प्रदेश यूनिट ही करेगी और इसपर अंतिम मुहर सिद्धारमैया ही लगाएंगे। कांग्रेस आला कमान ने इसके लिए सिद्धारमैया को पूरी स्वतंत्रता दे दी है कि वह अपने अनुसार उम्मीदवारों का चयन करें, जिसपर औपचारिक मुहर पार्टी लगा देगी।

आला कमान के निर्देश के बाद सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी परमेश्वर को निर्देश दिया गया है कि वह उम्मीदवारों की लिस्ट जल्द से जल्द तैयार कर लें। इन तमाम उम्मीदवारों की लिस्ट राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से राय मशविरे के बाद फाइनल की जाएगी। कांग्रेस ने कहा है कि उम्मीदवारों की लिस्ट 15 अप्रैल तक फाइनल कर ली जाएगी। दरअसल कांग्रेस आला कमान उम्मीदवारों को लेकर किसी भी तरह का विवाद नहीं चाहती है, जिसकी वजह से राज्य स्तर पर ही सिद्धारमैया और परमेश्वर को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक पार्टी को 1000 आवेदन मिल चुके हैं। इसमे सभी मौजूदा विधायक शामिल हैं। माना जा रहा है कि सभी मौजूदा विधायकों को पार्टी टिकट देगी। हालांकि 30 मौजूदा विधायकों पर अभी भी संशय बरकरार है क्योंकि पार्टी का आंतरिक सर्वे कहता है कि इन उम्मीदवारों के लिए सीट जीत पाना मुश्किल है। आपको बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान होगा, जबकि 15 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे।
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी ने महिला सफाईकर्मियों संग खिंचवाई फोटो, कहा-सर मत कहा करो












Click it and Unblock the Notifications